
AUS vs IND: हार्दिक पांड्या औसर लोकेश राहुल पर गिरी गाज, पहले ODI से हुए बाहर
नई दिल्ली। हार्दिक पांड्या और केएल राहुल को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी में शनिवार को होने वाले पहले ODI मुकाबले के लिए भारतीय टीम में शामिल नहीं किया जाएगा। टीवी शो 'कॉफ़ी विथ करण' पर की गईं महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक बातों के लिए प्रशासकों की समिति(CoA) दोनों ही खिलाड़ियों पर कार्रवाई के लिए अभी एकमत नहीं हो पाई है। अभी तक के लिए, BCCI ने टीम मैनेजमेंट से इन दोनों खिलाड़ियों को पहले ODI मुकाबले के लिए टीम में चुने जाने से साफ मना कर दिया है।
दोनों खिलाड़ी मांग चुके हैं माफ़ी-
BCCI द्वारा जारी किए गए कारण बताओ नोटिस के जवाब में दोनों ही खिलाड़ियों पांड्या और राहुल ने अपनी गलती के लिए माफ़ी मांगी थी। इसके बावजूद प्रशासकों की समिति ने प्रतिबन्ध लगाने और जांच की मांग की थी।
COA में निर्णय पर मतभेद-
सर्वोच्च अदालत द्वारा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का कामकाज देखने के लिए नियुक्त की गई प्रशासकों की समिति (सीओए) के अध्यक्ष विनोद राय ने गुरुवार को दोनों खिलाड़ियों पर दो मैचों का प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की लेकिन सीओए के अन्य सदस्य डायना इडुल्जी निर्णय लेने से पहले कानूनी राय ले रही हैं। इडुल्जी का यह भी मानना है कि प्रतिबन्ध के साथ इस मामले की जांच भी की जाए।
टॉक शो पर गए थे पांड्या, राहुल-
पांड्या और राहुल बॉलीवुड फिल्म निर्माता करण जौहर के शो पर गए थे। पांड्या ने अपनी सफाई में कहा था कि वह शो के रंग में रंग गए थे। उन्होंने शो पर कई महिलाओं से अपने शारीरिक संबंध बनाने की बात को कबूला था और कहा था वह इस बारे में अपने घर वालों को भी बताते हैं। पांड्या ने बुधवार को ट्विटर पर लिखा था, "कॉफी विथ करण में मैंने जो बयान दिया उस पर मैं उन सभी लोगों से माफी मांगता हूं जिनकी भावनाओं को मैंन आहत किया।" उन्होंने लिखा, "ईमानदारी से कहूं तो मैं शो के दौरान उसी के रंग में रम गया था। मैं किसी भी तरह से किसी की भी भावनाओं को आहत नहीं करना चाहता था।" पांड्या इस समय भारतीय टीम के साथ आस्ट्रेलिया में हैं।
Updated on:
11 Jan 2019, 6:16 PM IST
Published on:
11 Jan 2019, 6:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.