
मैके टेस्ट के पहले ही दिन गिरे 18 विकेट (photo - CricInfo)
Australia vs Bangladesh, 2nd Test: ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरीना में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल समाप्त ही गया है। ऑस्ट्रेलिया ने बंगालदेश को 64 रन पर समेटने के बाद पहली पारी में आठ विकेट खोकर 165 रन बना लिए हैं। क्रीज़ पर कैमरन ग्रीन 51 और नाथन लायन 10 रन बनाकर खेल रहे हैं।
मैके में गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला है और कुल मिलाकर पहले दिन 18 विकेट गिरे। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और बांग्लादेश के तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम ने बल्लेबाजों पर कहर बरपाते हुए छह - छह विकेट झटके हैं।
टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने गेंदबाजी का निर्णय लिया था। इस निर्णय मिचेल स्टार्क ने सही साबित कर दिखाया और घातक गेंदबाजी करते हुए बांग्लादेश की पहली पारी मात्र 64 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। स्टार्क ने 10 ओवर में 12 रन देकर 6 विकेट लिए। इसके अलावा पैट कमिंस ने 3 और जोश हेजलवुड ने 1 विकेट हासिल किया।
ऑस्ट्रेलिया की पेस तिकड़ी के सामने बांग्लादेश पूरी तरह बिखर गई। स्टार्क ने शीर्ष 5 बल्लेबाज मात्र 15 के स्कोर पर पेवेलियन भेज दिए थे। 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए शोरिफुल इस्लाम के 14 रन की बदौलत बांग्लादेश किसी तरह 64 तक पहुंच सकी। शोरिफुल पारी के शीर्ष स्कोरर रहे।
बांग्लादेश को 64 पर समेटने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम जब खुद बल्लेबाजी के लिए उतरी, तो उनकी स्थिति भी वैसी ही थी। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपने 8 विकेट 165 के स्कोर पर खो दिए हैं। कैमरन ग्रीन 51 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। उनके साथ लियोन 10 रन पर नाबाद हैं। ऑस्ट्रेलिया की बढ़त सिर्फ 101 रन की है। इस बढ़त को और बढ़ाने की जिम्मेदारी दूसरे दिन ग्रीन के कंधों पर होगी। ऑस्ट्रेलिया के लिए हेड ने 22 और स्टीव स्मिथ ने 42 रन बनाए। छह बल्लेबाज दो अंकों में नहीं पहुंच सके।
बांग्लादेश के लिए तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का फैसला सही साबित हुआ है। शोरिफुल ने घातक गेंदबाजी की है। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 11 ओवर में 35 रन देकर 6 विकेट लिए हैं। इसके अलावा, तस्कीन अहमद और मेहदी हसन मिराज को 1-1 विकेट मिला है।
Updated on:
22 Aug 2026 01:52 pm
Published on:
22 Aug 2026 01:24 pm
