
कटक. बाराबती स्टेडियम में तीन टी-20 मैचों की सीरीज के पहले मैच में बुधवार को श्रीलंका के कप्तान थिसारा परेरा ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारत ने श्रीलंका को टेस्ट और वनडे सीरीज में मात दी थी। उसकी कोशिश अपने इसी विजयी क्रम को इस सीरीज में भी बनाए रखने की होगी। वहीं श्रीलंका दौरे का अंत सीरीज जीत के साथ करना चाहेगी। ऐसे में वह भी जीत के लिए उतावली होगी। परेरा ने टॉस जीतने के बाद कहा कि हमने तीसरे मैच में अच्छी बल्लेबाजी नहीं की थी, और दूसरे मैच में अच्छी गेंदबाजी नहीं की थी। अब हमें आगे बढऩा है। हम किसी भी टीम को हरा सकते हैं। श्रीलंका ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज विश्वा फर्नाडो इस मैच से टी-20 में पदार्पण कर रहे हैं। टीम में कुशल परेरा, दासुन शनका और दुशमंथा चामिरा को जगह मिली है।
भुवनेश्वर को आराम, उनादकट टीम में
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि हमने यहां साल भर पहले आखिरी मैच खेला था। ओस अहम कारण होगी, लेकिन हम इस तरह की स्थितियों में कई बार खेल चुके हैं। इस सीरीज में शिखर धवन को आराम दिया गया है। उनके स्थान पर लोकेश राहुल इस मैच में रोहित के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। वहीं भुवनेश्वर कुमार को भी आराम दिया गया है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट को अंतिम एकादश में जगह मिली है। टीम इंडिया में अनुभवी और युवा खिलाडिय़ों का मिश्रण है। वहीं श्रीलंका टीम में युवा खिलाड़ी विश्व पदार्पण कर रहे हैं। दोनों टीमों में एकदिवसीय मैचों के बाद एक नया संघर्ष देखने को मिलेगा।
टीमें: भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर, महेंद्र सिंह धौनी (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक, मनीष पांडे, हार्दिक पांड्या, जयदेव उनादकट, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल।
श्रीलंका: थिसारा परेरा (कप्तान), उपुल थरंगा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), कुशल परेरा, एंजेलो मैथ्यूज, असेला गुणारत्ने, दासुन शनाका, दुशमंथा चामिरा, अकिला धनंजय, विश्वा फर्नाडो, नुवान प्रदीप।
Published on:
20 Dec 2017, 7:03 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.