
दिपेंद्र सिंह ऐरी आईसीसी ऑलराउंडर रैंकिंग में चौथे स्थान पर (Image: IANS)
Dipendra Singh Airee ranks 4 in ICC T20 All-rounder ranking: टी20 विश्व कप 2026 में नेपाल की टीम भले ही ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ पाई, लेकिन उनके स्टार ऑलराउंडर दिपेंद्र सिंह ऐरी ने व्यक्तिगत तौर पर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। आईसीसी ने ताजा पुरुष टी20आई ऑलराउंडर रैंकिंग में ऐरी को चौथे स्थान पर रखा है।
वह छठे स्थान से दो पायदान ऊपर चढ़कर चौथे नंबर पर पहुंचे हैं और उनके रेटिंग पॉइंट्स 202 से बढ़कर 244 हो गए हैं, जो उनका करियर बेस्ट है। इस रैंकिंग में उन्होंने पाकिस्तान, भारत, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड जैसी शीर्ष टीमों के अनुभवी ऑलराउंडरों को पीछे छोड़ दिया है, जो नेपाली क्रिकेट के लिए एक गर्व का क्षण है।
टी20 विश्व कप 2026 में दिपेंद्र सिंह ऐरी नेपाल के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज साबित हुए। उन्होंने टूर्नामेंट के चार मैचों में 169 रन बनाए, औसत 56.33 और स्ट्राइक रेट 144.44 का रहा। उन्होंने वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के खिलाफ अर्धशतक जड़े। स्कॉटलैंड के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में खेले गए आखिरी ग्रुप मैच में उन्होंने महज 23 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाकर नेपाल को 171 रनों के लक्ष्य तक पहुंचाया। इस पारी में चार चौके और तीन छक्के शामिल थे। यह टी20 विश्व कप में किसी एसोसिएट टीम के बल्लेबाज का संयुक्त रूप से चौथा सबसे तेज अर्धशतक था। इसके अलावा, उन्होंने गेंदबाजी करते हुए दो विकेट भी चटकाए।
ऐरी के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर के आंकड़े भी यही कहानी बयान करते हैं कि वे एसोसिएट देशों से निकले सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडरों में से एक हैं। वे अंतर्राष्ट्रीय टी20 में नेपाल के सर्वोच्च रन-स्कोरर हैं और 94 मैचों में 2,125 रन बना चुके हैं। उनका औसत 33.20 और स्ट्राइक रेट 139.52 है। उनके नाम 12 अर्धशतक और एक शतक दर्ज है। वह नेपाल के पहले खिलाड़ी हैं जिन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 1000 रन पूरे किए, साथ ही वे 1000 से अधिक रन तथा 50 से अधिक विकेट का दोहरा कारनामा करने वाले अपने देश के एकमात्र खिलाड़ी हैं।
इससे पहले, सितंबर 2023 में एशियाई खेलों में उन्होंने मंगोलिया के खिलाफ मात्र 9 गेंदों में अंतर्राष्ट्रीय टी20 इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक जड़ा था, और अप्रैल 2024 में वे एक ओवर में लगातार छह छक्के मारने वाले दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बने।
Published on:
18 Mar 2026 04:57 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
