
आईसीसी अंतरराष्ट्रीय पैनल में शामिल होने वाली भारत की लक्ष्मी बनीं पहली महिला मैच रेफरी
दुबई : भारत की जीएस लक्ष्मी अंतरराष्ट्रीय पैनल में चुने जाने वाली आईसीसी की पहली महिला मैच रेफरी बन गई हैं। वह अब तत्काल प्रभाव महिला और पुरुष दोनों क्रिकेट के दोनों वर्ग में रेफरी की भूमिका निभाने के लिए सक्षम हो गई हैं।
महिला क्रिकेट में निभाती रही हैं रेफरी की भूमिका
लक्ष्मी से पहले इसी महीने एक और महिला क्लेयर पोलोसक पहली बार पुरुष एकदिवसीय मैचों का प्रतिनिधित्व करने वाली पहली महिला अंपायर बनी थीं।
51 साल की लक्ष्मी घरेलू महिला क्रिकेट में 2008-09 से मैच रेफरी की भूमिका निभा रही हैं। इसके अलावा वह तीन महिला वनडे मैचों और इतने ही महिला टी-20 मैचों में भी रेफरी की भूमिका निभा चुकी हैं।
आईसीसी रेफरी चुने जाने से खुश हैं लक्ष्मी
आईसीसी रेफरी के अंतरराष्ट्रीय पैनल में चुने जाने से लक्ष्मी बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बहुत सम्मान की बात है। यह उनके लिए नए रास्ते भी खोलेगा। भारत में बतौर क्रिकेटर और मैच रेफरी उनका लंबा करियर रहा है। उन्हें आशा है कि उनका यह अनुभव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बतौर मैच अधिकारी उनके काफी काम आएआ और इसका अच्छी तरह से उपयोग करेंगी। इसके लिए उन्होंने आईसीसी, बीसीसीआई और उन सभी खिलाड़ियों का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उन्हें समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह अपनी पूरी क्षमता का प्रदर्शन कर जिम्मेदारियों पर खरा उतर सकेंगी।
ग्रिफिथ ने किया स्वागत
आईसीसी के अंपायर और रेफरी के सीनियर मैनेजर एड्रियन ग्रिफिथ ने पैनल में लक्ष्मी का स्वागत करते हुए कहा कि इनकी नियुक्ति महिला अधिकारियों को प्रोत्साहित करने की हमारी प्रतिबद्धता में एक अहम कदम है। उन्हें उम्मीद है कि ये अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बनेंगी। वह उनके लंबे और शानदार करियर के लिए अपनी शुभकामनाएं देते हैं।
Published on:
14 May 2019 07:55 pm
