
भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने वाले पूर्व कप्तान उन्मुक्त चंद
भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने वाले पूर्व कप्तान उन्मुक्त चंद ने मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर खुद को साबित कर दिखाया है। डलास में खेले गए सीजन के 12वें मुकाबले में उन्होंने लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स की ओर से नाबाद 86 रन की तूफानी पारी खेलकर टीम को शानदार जीत दिलाई और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब अपने नाम किया।
सिएटल ओर्कास ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 177 रन बनाए। सिएटल ओर्कास के लिए आरोन जोन्स ने 36 गेंदों में सर्वाधिक 44 रन जड़े, जबकि डेविड वॉर्नर ने 38 रन की पारी खेली। इनके अलावा शायन जहांगीर ने 26 रन टीम के खाते में जोड़े। विपक्षी टीम की ओर से आंद्रे रसेल ने तीन विकेट चकाए, जबकि ड्राई, शैडली वैन शाल्कविक और जेसन होल्डर ने एक-एक विकेट झटके।
टारगेट का पीछा करने उतरी लॉस एंजिल्स ने 18.2 ओवरों में ही जीत दर्ज कर ली। टीम सात रन तक अपने दो विकेट गंवा चुकी थी। यहां से उन्मुक्त चंद ने सैफ बदर के साथ मिलकर मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 139 रन जोड़े। सैफ बदर ने 32 गेंदों में चार छक्कों और दो चौकों की मदद से 54 रन बनाए। सैफ बदर के आउट होने के कुछ देर बाद ही रोवमैन पॉवेल (1) भी चलते बने।
यहां से उन्मुक्त चंद ने शेरफेन रदरफोर्ड के साथ अटूट साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई। उन्मुक्त चंद ने 58 गेंदों का सामना किया, जिसमें चार छक्कों और 10 चौकों के साथ नाबाद 86 रन बनाए। रदरफोर्ड 9 गेंदों में 20 रन बनाकर नाबाद रहे। विपक्षी टीम के लिए कैमरून गैनन, हरमीत सिंह, जसदीप सिंह और सिकंदर रजा ने एक-एक विकेट चटकाया।
भारत के लिए कभी सीनियर टीम में जगह न बना पाने वाले उन्मुक्त चंद अब अमेरिका की ओर से क्रिकेट खेल रहे हैं। अंडर-19 वर्ल्ड कप 2012 में भारत को चैंपियन बनाने के बाद वे घरेलू क्रिकेट तक ही सीमित रहे, लेकिन अब MLC में अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।
Updated on:
23 Jun 2025, 12:25 PM IST
Published on:
23 Jun 2025, 12:25 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.