9 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IND vs BAN: महमुदुल्लाह और मेहदी हसन की रिकॉर्ड साझेदारी, बांग्लादेश ने भारत को दिया 272 रनों का लक्ष्य

IND vs BAN: बांग्लादेश ने मात्र 69 रन के स्कोर पर छह विकेट गवाने के बाद मेहदी हसन मिराज और महमूदुल्लाह की बेहतरीन बल्लेबाजी की मदद से निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 271 रन बनाए हैं। दोनों ने सातवे विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी की है।

2 min read
Google source verification
menhand.png

India vs Bangaldesh 2nd ODI: भारत और बांग्लादेश के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुक़ाबला ढाका के शेर - ए - बंगाल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में बांग्लादेश ने जल्द विकेट गिरने के बाद शानदार वापसी करते हुए भारत के सामने 272 रनों का लक्ष्य रखा है। बांग्लादेश के लिए मेहदी हसन मिराज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया है। वहीं महमुदुल्लाह ने अर्धशतक लगाया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम को मात्र 11 रन पर पहला झटका लगा। मोहम्मद सिराज ने सलामी बल्लेबाज एनामुल हक को एलबीडब्ल्यू आउट किया। उन्होंने दो चौकों की मदद से नौ गेंद में 11 रन बनाए। इसके बाद कप्तान लिटन दास और नजमुल हुसैन शान्तो ने पारी को आगे बढ़ाया। लेकिन 39 के स्कोर पर मोहम्मद सिराज ने बांग्लादेश को दूसरा झटका दिया। सिराज ने कप्तान लिटन दास को अंदर आती गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। लिटन दास ने 23 गेंदों पर सात रन बनाए। इस पारी में वह सिर्फ एक चौका लगा सके। पावरप्ले में बांग्लादेश ने दो विकेट खोकर 44 रन बनाए।

इसके बाद शाकिब अल हसन बल्लेबाजी करने आए और शान्तो के साथ साझेदारी बनाने की कोशिश की। लेकिन तभी 52 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का तीसरा विकेट गिरा है। उमरान मलिक ने नजमुल हसन शान्तो को क्लीन बोल्ड किया है। शान्तो ने 35 गेंद पर 21 रन बनाए।

66 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का चौथा विकेट गिरा है। वॉशिंगटन सुंदर ने शाकिब अल हसन को शिखर धवन के हाथों कैच कराया। शाकिब ने 20 गेंद में एक चौके की मदद से आठ रन बनाए। शाकिब ने सुंदर की गेंद पर स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हुए। गेंद उनके बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर हवा में गई और शिखर ने आसान कैच पकड़ा। हालांकि, गेंद उनकी हथेली में नहीं आई थी और कैच छूटने का खतरा था, लेकिन गेंद उनके हाथ और शरीर के बीच फंस गई और धवन ने कैच पूरा किया।

अगले ओवर में विकेट कीपर बल्लेबाज मुश्फिकुर रहीम को वॉशिंगटन सुंदर ने चलता किया। रहीम ने दो चौकों की मदद से 24 गेंद पर 12 रन बनाए। शिखर धवन ने उनका कैच पकड़ा। इसके तुरंत बाद सुंदर ने अफीफ हुसैन को क्लीन बोल्ड किया। अफीफ पहली गेंद में डक पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद महमुदुल्लाह और मेंहदी हसन मिराज ने मिलकर बांग्लादेश की पारी को आगे बढ़ाया।

दोनों ने अपना समय लेते हुए भारतीय गेंदबाजों की पिटाई करना शुरू किया। भारतीय गेंदबाज छह विकेट गिराने के बाद विकेट के लिए तरस गए हैं। पिछले मैच के हीरो रहे मेहदी हसन मिराज और महमूदुल्लाह के बीच 148 रनों की साझेदारी बनी। लेकिन तभी 217 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का सातवां विकेट गिरा। महमुदुल्लाह रियाद 96 गेंद पर 77 रन बनाकर आउट हो गए। उमरान मलिक की गेंद पर विकेटकीपर लोकेश राहुल ने उनका कैच पकड़ा। इसी साझेदारी की बदौलत बांग्लादेश की टीम मैच में मजबूत स्थिति में आ गया।

इसके बाद मेहदी हसन मिराज का साथ देने नसुम अहमद आए और दोनों ने मिलकर बांग्लादेश को 250 के पार पहुंचाया। बांग्लादेश ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 250 रन बनाए हैं। मेहदी हसन मिराज ने 83 गेंद पर चार सिक्स और 8 चौके की मदद से नाबाद 100 रन बनाए। वहीं नसुम ने 11 गेंद पर 18 रन बनाए। भारत के लिए वॉशिंगटन सुंदर ने सबसे ज्यादा तीन, मोहम्मद सिराज और उमरान मलिक ने दो-दो विकेट झटके।