
विकेट कीपर बल्लेबाज यस्तिका भाटिया ने लॉर्ड्स के ऐतिहासिक क्रिकेट मैदान पर शतक जड़ा (Photo: IANS/X/@BCCIWomen)
Yastika Bhatia century, India vs England One-off Test Lords: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विकेटकीपर बल्लेबाज यस्तिका भाटिया ने लॉर्ड्स के ऐतिहासिक क्रिकेट मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ दिया है। यह क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स मैदान में किसी भी भारतीय महिला क्रिकेटर द्वारा लगाया गया पहला शतक है।
यस्तिका ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 158 गेंद पर 14 चौके की मदद से 113 रन बनाए। यह चौथी पारी में किसी भी भारतीय महिला बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है। इस शतक के साथ यस्तिका महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़, अजिंक्य रहाणे, केएल राहुल और सौरव गांगुली जैसे दिग्गजों के क्लब में शामिल हो गई हैं।
लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान में अबतक 10 भारतीय बल्लेबाजों ने शतक जड़ा है। सभी बल्लेबाज पुरुष हैं। पूर्व कप्तान विराट कोहली और मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर इस मैदान में कभी शतक नहीं लगा पाये हैं। लॉर्ड्स में सबसे ज्यादा दिलीप वेंगसरकर ने तीन शतक जड़े हैं। उनके अलावा केएल राहुल ने दो शतक लगाए हैं। वीनू मांकड़, जी विश्वनाथ, रवि शास्त्री, मोहम्मद अज़हरुद्दीन, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़, अजीत अगरकर और अजिंक्य रहाणे ने एक - एक शतक जड़ा है।
इससे पहले तीसरे दिन लंच तक भारत ने चार विकेट पर 250 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त 365 रन तक पहुंचा दी। सुबह दूसरी पारी एक विकेट पर 154 रन पर शुरू करने के बाद पहले सत्र में भारत ने तीन विकेट गंवाए। स्मृति मंधाना (70 रन, 130 गेंद) सत्र की शुरुआत में ही लॉरेन बेल की गेंद पर लेग-साइड की ओर कैच आउट हो गईं।
तेज गेंदबाज बेल इस सत्र की सबसे अच्छी गेंदबाज़ रहीं, उन्होंने मंधाना के अलावा जेमिमा रोड्रिग्स (12 गेंद में तीन रन) को भी आउट किया। उनकी रोड्रिग्स को डाली गई गेंद शानदार थी जो तेजी से अंदर की ओर मुड़कर स्टंप्स से जा टकराई। हरमनप्रीत कौर (34 गेंद में 16 रन) लय में नहीं दिखीं और आखिरकार बाएं हाथ की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन का शिकार बनीं।
एक्लेस्टोन ने भारतीय कप्तान को सीधी गेंद पर LBW आउट किया। मैदान पर मौजूद अंपायर ने शुरुआत में उन्हें आउट नहीं दिया, लेकिन एक्लेस्टोन ने डीआरएस लिया और फैसला उनके पक्ष में गया। पहली पारी में 285 रन बनाने वाली भारतीय टीम ने दूसरे दिन इंग्लैंड को 170 रन पर आउट करके मैच पर पकड़ बना ली थी।
यस्तिका ने 2021 में ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अब तक 4 टेस्ट मैचों की 7 पारियों में 200 से अधिक रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 1 अर्धशतक शामिल है। वह भारतीय टीम के लिए 28 वनडे और 26 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेल चुकी हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने पहला शतक अब जाकर लगाया है।
Updated on:
12 Jul 2026 06:49 pm
Published on:
12 Jul 2026 06:36 pm
