
नई दिल्ली। मैन आफ द मैच मोइन अली (71/4) और जेम्स एंडरसन तथा बेन स्टोक्स के दो-दो विकेटों की बदौलत इंग्लैंड ने यहां रोज बाउल स्टेडियम में चौथे टेस्ट मैच के चौथे दिन रविवार को भारत को 60 रन से हराकर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। भारत के लिए इस सीरीज में सबसे बड़ा सकारात्मक पहलु कप्तान विराट कोहली की बल्लेबाजी थी। विराट ने इस सीरीज में जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल किया। सीरीज में 4 मैचों की 8 इनिंग में विराट ने 68 की औसत से 544 रन बनाए। चौथे टेस्ट मुकाबले में 46 और 58 रनों की पारियां खेल विराट ने कई नए कीर्तिमानों को भी छुआ। एक नजर इन कीर्तिमानों पर।
1. विराट कोहली ऐसे पहले भारतीय कप्तान हैं जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 4000 रन बनाए हैं।
2. वर्ल्ड रिकॉर्ड, विराट कोहली कप्तानी के तौर पर सबसे तेज 4000 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इन रनों तक पहुंचने के लिए उन्होंने मात्र 65 इनिंग ली, इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्ट इंडीज के 'प्रिंस ऑफ त्रिनिदाद' ब्रायन लारा के नाम था। लारा ने 4000 रन कप्तानी में 71 इनिंग खेलकर बनाए थे।
3. कोहली पहले एशियाई कप्तान हैं जिन्होंने इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज में 500 से अधिक रन बनाए हैं। इसके अलावा ऐसा करने वाले वह विश्व के छठे कप्तान हैं।
4. विराट कोहली केवल तीसरे भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने इंग्लैंड में एक सीरीज के दौरान 500 से अधिक रन बनाए हो।
5. यह चौथी बार है जब विराट कोहली ने टेस्ट सीरीज में 500 से अधिक रन बनाए हों। इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने दूसरी बार ऐसा किया है जबकि ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के खिलाफ वह 1-1 बार ऐसा कर चुके हैं।
6. विदेश दौरे पर कोहली अबतक चौथी इनिंग में 6 बार 50 के ऊपर रन बना चुके हैं। वह भारतियों में केवल राहुल द्रविड़(7) और सुनील गावस्कर(9) से पीछे हैं।
7. जेम्स एंडरसन इस सीरीज में विराट कोहली को 378 गेंदें फेक चुके हैं और उनको आउट नहीं कर पाए हैं। इस सीरीज में वह ऐसे इकलौते इंग्लैंड के गेंदबाज हैं जिन्होंने भारतीय कप्तान को इस सीरीज में आउट नहीं किया है।
Updated on:
3 Sep 2018, 9:47 AM IST
Published on:
3 Sep 2018, 9:09 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.