16 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

IND-W vs ZIM-W: दीप्ति शर्मा अर्धशतक से चूकीं, भारतीय टीम ने जिम्ब्बावे के 4 विकेट से हराया

IND-W vs ZIM-W 1st T20I: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने तीन मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज के पहले मुकाबले में हराया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला रायपुर में खेला गया।
2 min read
Google source verification
ind vs zim 1st T20I

भारतीय महिला क्रिकेट टीम। (Photo- X/@BCCIWomen)

India Women vs Zimbabwe Women: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने तीन मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज के पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे को 4 विकेट से हराया। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में इस जीत के साथ भारतीय टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। अब अगला मुकाबला इसी मैदान पर 18 अक्टूबर को खेला जाएगा।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम से टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 114 रन बनाए। जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीम की ओर से केलिस नधलोवु, मोडेस्टर मुपाचिकवा और शार्ने मेयर्स ही भारतीय गेंदबाजी का सामना कर सकीं। केलिस नधलोवु ने 44 गेंदों में 6 चौकों के साथ 42 रन, मोडेस्टर मुपाचिकवा ने 26 गेंदों में 1 चौके के साथ 16 रन और शार्ने मेयर्स ने 33 गेंदों में 4 चौकों और 2 छक्कों के साथ नाबाद 43 रन की पारी खेली।

भारत की ओर से नंदिनी शर्मा ने 4 ओवरों में 11 रन देकर 2 विकेट, जबकि श्री चरणी ने 4 ओवरों में 14 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। वहीं, भारतीय टीम की क्रांति गौड़ और अरुंधति रेड्डी को 1-1 विकेट मिला।

भारतीय टीम की शुरुआत रही खराब


जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम से मिले 115 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। नवनियुक्त कप्तान स्मृति मंधाना (9) जल्द ही अपना विकेट गंवा बैठीं। इसके बाद अनुष्का शर्मा भी चलती बनीं। अनुष्का ने 3 गेंदों का सामना किया और 4 रन बनाकर आउट हुईं। हरमनप्रीत कौर के रूप में भारतीय टीम को तीसरा झटका लगा। हरमनप्रीत कौर महज 1 रन बनाकर आउट हुईं। जिस वक्त हरमनप्रीत कौर आउट हुईं, उस समय तक स्कोर सिर्फ 19 रन था। इसके बाद शेफाली वर्मा भी 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इस तरह देखा जाए तो भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 3.1 ओवरों में महज 19 के स्कोर पर चौथा विकेट गंवा दिया था।

निकी प्रसाद की दीप्ति शर्मा संग साझेदारी

डेब्यूटेंट निकी प्रसाद ने दीप्ति शर्मा के साथ मिलकर भारतीय टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचाया। दोनों के बीच 5वें विकेट के लिए 63 गेंदों में 82 रन की साझेदारी हुई। दीप्ति शर्मा अर्धशतक से चूक गईं। दीप्ति ने 37 गेंदों का सामना किया और 8 चौकों के साथ 49 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद निकी प्रसाद ने टीम को 15.4वें ओवर में जीत दिला दी। निकी प्रसाद ने 35 गेंदों में 6 चौकों के साथ 39 रन बनाकर नाबाद रहीं।

जिम्बाब्वे के लिए न्याशा ग्वानजुरा ने 3 ओवरों में 18 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि मिशेल मावुंगा, ओलिंडर चारे और बिलव्ड बिजा को 1-1 विकेट मिला।