
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण में सनराइजर्स हैदराबाद ने गुरुवार को अपने घर राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मैच में किंग्स इलेवन पंजाब को 13 रनों से हरा दिया। पंजाब के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए हैदराबाद को 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 132 रनों पर ही सीमित कर दिया था। पंजाब की टीम इस लक्ष्य का हासिल नहीं कर पाई और चार गेंद पहले 119 रनों पर ढेर हो गई। हैदराबाद की यह लगातार दो लो स्कोरिंग मैचों में दूसरी जीत है जिसमे उसने पहले बल्लेबाजी की और फिर रनों का पीछा करने उतरी टीम को कम रनों पर समेट दिया। भुवनेश्वर कुमार के चोटिल हो जाने के बाद और ऑस्ट्रेलिआई तेज गेंदबाज बिल्ली स्टानलेक के स्वदेश लौट जाने के बाद हैदराबाद के दो गेंदबाजों का उनकी सफलता में बड़ा योगदान रहा है।
बैटिंग में खली वार्नर की कमी
आईपीएल 2018 में हैदराबाद की टीम अभी तक 7 मैचों में 5 मैच जीत कर 10 अंकों के साथ पॉइंट टेबल में दूसरे स्थान पर है। हैदराबाद की टीम ने अपना पिछला मैच मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में जीता था। सीजन की शुरआत से पहले डेविड वार्नर के आईपीएल में नहीं खेलने की पुष्टि के बाद सभी क्रिकेट पंडितो को सनराइजर्स से खासी उम्मीदे नहीं थी। सनराइजर्स की बैटिंग में डेविड वार्नर की कमी साफ नजर आती है लेकिन टीम के चुने गए नए कप्तान केन विलियम्सन ने अभी तक शानदार बल्लेबाजी की है साथ ही मनीष पांडेय और शिखर धवन ने भी कुछ अच्छी पारियां खेली हैं।
कौल ने कुमार की गैरमौजूदगी में उठाई जिम्मेदारी
सनराइजर्स की टीम के सबसे सफल गेंदबाज हैं सिद्धार्थ कौल। पंजाब की तरफ से घरेलु क्रिकेट खेलने वाले कौल 2008 अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी धमाल मचा चुकें हैं। उस वर्ल्ड कप में भारत के कप्तान विराट कोहली थे और फाइनल मैच का आखिरी ओवर कोहली ने कौल से ही फिकवाया था। भारत ने वह वर्ल्ड कप जीता भी था और सिद्धार्थ बोलिंग चार्ट्स में रविंद्र जडेजा के साथ शीर्ष पर रहे थे। इस आईपीएल सीजन में अभी तक कौल ने शानदार गेंदबाजी की है और 7 मैच में 7 की इकॉनमी से 9 विकेट झटके हैं। भुवनेश्वर कुमार और बील्ली स्टानलेक की गैरमौजूदगी में कौल ने सनराइजर्स की तेज गेंदबाजी को अच्छे से संभाला है।
राशिद खान बने हैदराबाद के 'की-प्लेयर'
अफगानिस्तान के लेग स्पिन गेंदबाज राशिद खान इस समय दुनिया के नंबर 1 वनडे व T20 गेंदबाज हैं। पिछले आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने के बाद इस आईपीएल में भी राशिद खान ने शानदार गेंदबाजी की है। हैदराबाद के मिली पांच जीत में से 2 मैचों में राशिद खान मैन ऑफ द मैच रहे हैं। दोनों ही मैच मुंबई इंडियंस के खिलाफ थे। राशिद अभी तक टूर्नामेंट में सात मैचों में 7.17 की इकॉनमी से अभी तक 9 विकेट झटके हैं। वो अभी विकेट लेने के मामले में केवल मुंबई इंडियंस के मयंक मार्कण्डेय से पीछे हैं। राशिद ने कौल के साथ मिलकर अभी तक 18 विकेट विकेट चटकाएं हैं।
Published on:
27 Apr 2018 02:53 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
