
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 11वें संसकरण में बुधवार को हुए मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में बेंगलोर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई के सामने 206 रनों की विशाल चुनौती रखी थी जिसे चेन्नई ने दो गेंद शेष रहते पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया। अपना चौथा मैच हारने वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम के कप्तान विराट कोहली का कहना है कि चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच में उनकी टीम की गेंदबाजी अस्वीकार्य थी।
कोहली ने की अम्बाती रायडू की तारीफ
कोहली की टीम की आईपीएल के इस सीजन में खेले गए छह मैचों में चौथी हार है। वह आठ टीमों की तालिका में छठे स्थान पर है। चेन्नई के लिए इस मैच में 82 रनों की शानदार पारी खेलकर ऑरेंज कैप लेने वाले अंबाती रायडू की तारीफ करते हुए कोहली ने कहा, "रायडू युवा खिलाड़ी नहीं हैं। वह पिछले 15 साल से क्रिकेट के मैदान पर खेल रहे हैं। वह एक शानदार खिलाड़ी हैं और भारत के लिए उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है। मुझे उनके लिए खुशी है।"
कोहली ने कहा यह अपराध हैं
इस हार के बाद एक बयान में कोहली ने कहा, "इस मैच में हम कई चीजों पर नजर डाल सकते हैं। हमने जिस प्रकार से गेंदबाजी की वह अस्वीकार्य थी। अंतिम ओवरों में हमने कई रन दिए, जो एक तरह से अपराध है। हमें आगे के मैचों में इस प्रकार की गलती को सुधारने की जरूरत है।"
बैंगलोर ने दिया था 206 का लक्ष्य
इससे पहल चेन्नई के कप्तान धौनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। बैंगलोर ने 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 205 रन बनाए। बैंगलोर के लिए अब्राहम डिविलियर्स ने 30 गेंदों में आठ छक्कों व दो चौकों की मदद से 68 रनों की धुंआधार पारी खेली।सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने 37 गेंदों में चार छक्के और एक चौके की मदद से 53 रन बनाए। अंत में मनदीप सिंह ने 17 गेंदों में तीन छक्के और एक चौके की मदद से खेलते हुए 32 रनों की पारी खेल टीम को 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 205 रनों के स्कोर तक पहुंचाया। चेन्नई के लिए इमरान ताहिर, शार्दूल ठाकुर और ड्वायन ब्रावो ने दो-दो विकेट लिए।
धोनी की ताबड़तोड़ पारी से जीती CSK
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई ने 74 रनों पर ही अपने चार विकेट खो दिए थे। यहां से रायुडू और धौनी ने टीम की जिम्मेदारी ली और पांचवें विकेट के लिए 101 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत के रास्ते पर बनाए रखा। रायुडू 175 के कुल स्कोर पर उमेश की सीधी थ्रो के कारण रन आउट हो गए। रायुडू ने 53 गेंदों की पारी में आठ छक्के और तीन चौके लगाए। लेकिन धौनी क्रीज पर मौजूद थे। आखिरी ओवर में चेन्नई को 16 रनों की दरकार थी। ड्वायन ब्रावो (नाबाद 14) ने आखिरी ओवर में एक चौका और एक छक्के के अलावा एक रन लेकर स्ट्राइक धौनी को दी जिन्होंने चौथी गेंद पर अपने चिर परिचित अंदाज में शानदार SIX जड़ टीम को जीत दिलाई। धौनी ने अपनी पारी में 34 गेंदों का सामना किया और सात छक्कों के अलावा एक चौका लगाया।
Published on:
26 Apr 2018 03:42 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
