क्रिकेट

IPL 2024: राजस्थान रॉयल्स ने इस घातक खिलाड़ी के बदले आवेश खान को किया टीम में शामिल, LSG से किया ट्रेड

आईपीएल की पहले ट्रेडिंग विंडो के दौरान संजू सैमसन की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स (RR) ने स्टार बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को ट्रेड स्वैप करते हुए लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) को दे दिया है। उनके बदले में RR ने तेज गेंदबाज आवेश खान को ट्रेड किया है।

2 min read

Avesh Khan and Devdutt Padikkal Trade IPL 2023: वर्ल्ड कप 2023 समाप्त हो गया है और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 की तैयारियों में जुट गया है। आईपीएल के अगले सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी को लेकर रोडमैप तैयार किया जा रहा है। ऑक्शन से पहले ट्रेडिंग विंडो फिलहाल खुली है और आईपीएल फ्रेंचाइजियों के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली चल रही है।

इसी बीच बड़ी खबर आई है कि आईपीएल की पहले ट्रेडिंग विंडो के दौरान संजू सैमसन की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स (RR) ने स्टार बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को ट्रेड स्वैप करते हुए लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) को दे दिया है। उनके बदले में RR ने तेज गेंदबाज आवेश खान को ट्रेड किया है। आवेश ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गुरुवार से शुरू होने वाली टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं।

आवेश ने अब तक 47 आईपीएल मैच खेले हैं और उनके नाम 55 विकेट हैं। आईपीएल ने एक बयान में कहा, 'दाएं हाथ के तेज गेंदबाज, जिन्होंने 2022 में फ्रेंचाइजी में शामिल होने के बाद 22 मैचों में LSG का प्रतिनिधित्व किया और 26 विकेट लिए, उन्हें उनकी मौजूदा फीस के लिए RR में ट्रेड किया गया है। वहीं देवदत्त पडिक्कल अपनी मौजूदा फीस के लिए RR से LSG का नेतृत्व करेंगे।

बाएं हाथ के पडिक्कल ने 57 आईपीएल में एक शतक और 9 अर्धशतकों की मदद से 1521 रन बनाए हैं। RR ने पडिक्कल के लिए 7.75 करोड़ रुपये खर्च कर उन्हें अपने दल में शामिल किया था। वह IPL 2023 में 11 मैचों में 26.10 की औसत और 130.50 की स्ट्राइक रेट से केवल 261 रन ही बना पाए थे।

वहीं LSG ने आवेश को मेगा नीलामी में पूरे 10 करोड़ रुपये खर्च कर अपने साथ जोड़ा था। आवेश अपने कद के मुताबिक प्रदर्शन करने में पूरी तरह से विफल रहे थे जिससे टीम को भी काफी नुकसान हुआ था। पिछले सीजन में वह 9 मैचों में 35.28 की औसत और 9.76 की इकॉनमी रेट से केवल 8 विकेट ही ले पाए थे।

Updated on:
22 Nov 2023 09:27 pm
Published on:
22 Nov 2023 09:24 pm
Also Read
View All

अगली खबर