ऐसे हुआ मैच टाई -
इस मैच में आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए सात रनों की जरूरत थी। रवींद्र जडेजा (25) ने पहली गेंद पर रन नहीं लिया। दूसरी गेंद पर उन्होंने चौका जड़ा और अगली गेंद पर एक रन लिया। चौथी गेंद पर खलील अहमद (नाबाद 1) ने एक रन लिया। यहां स्कोर बराबर हो गया था। भारत को जीत के लिए दो गेंदों में एक रन ही दरकार थी, लेकिन अभी तक सूझबूझ से खेलते आ रहे जडेजा राशिद खान की पांचवीं गेंद को हवा में खेल बैठे और नाजीबुल्लाह जादरान ने कैच लपकने में कोई गलती नहीं की। बता दें इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान ने मोहम्मद शहजाद की 124 और मोहम्मद नबी की 64 रनों की पारियों के दम पर पूरे 50 ओवर खेलते हुए आठ विकेट के नुकसान पर 252 रन बनाए थे। भारतयी टीम भी एक गेंद शेष रहते अपनी सभी विकेट खोकर 252 रन ही बना सकी और मैच टाई रहा। मैच का अंत दोनों टीमों ने समान स्कोर पर किया। धोनी का यह बतौर कप्तान 200वां वनडे मैच था। वहीं यह कप्तान के तौर पर धोनी का पांचवां मैच है जो टाई रहा।