जय शाह ने पिछले साल कहा था कि भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं जाएगी। उन्होंने कहा था कि इसे किसी तटस्थ देश में कराया जा सकता है। अब इस मामले में जय शाह ने नया अपडेट दिया है। उन्होंने कहा है कि एशिया कप को लेकर अंतिम फैसला आईपीएल 2023 फाइनल के बाद लिया जाएगा।
Asia Cup 2023: इस साल के अंत में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप 2023 से पहले एशिया कप 2023 का आयोजन किया जाएगा। इस बार एशिया कप की मेजबानी पाकिस्तान को मिली है और राजनेतिक मसलों के साथ सुरक्षा कारणों की वजह से भारत वहां नहीं जाना चाहता। ऐसे में पाकिस्तान की मेजबानी को लेकर लगातार विवाद चल रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि पाकिस्तान से इस टूर्नामेंट की मेजबानी छीनी जा सकती है और किसी न्यूट्रल वेन्यू में इसका आयोजन किया जा सकता है।
इन सब खबरों के बीच एक नया उपडेट आया है। एशिया कप का भविषय क्या होगा इसको लेकर एक मीटिंग आयोजित की जाएगी। यह मीटिंग इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के फ़ाइनल मुक़ाबले के बाद की जाएगी। इस बात की जानकारी एशियाई क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने दी है। इस मीटिंग के लिए बांग्लादेश, अफगानिस्तान और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्षों को बुलाया गया है साथी ही उन्हें आईपीएल फ़ाइनल देखने का न्योता भी दिया गया है। जो 28 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
जय शाह ने कहा, ''बांग्लादेश, अफगानिस्तान और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के संबंधित अध्यक्ष 28 मई को अहमदाबाद आएंगे। ये सभी नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले आईपीएल 2023 फाइनल की शोभा बढ़ाएंगे। हम एशिया कप 2023 के संबंध में भविष्य की कार्रवाई की रूपरेखा तैयार करने के लिए उनके साथ चर्चा करेंगे।''
दिलचस्प बात इसमें यह है कि इसमें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष नजम सेठी का नाम नहीं है। यानी उन्हें आमंत्रण नहीं भेजा गया है। इससे पहले श्रीलंका क्रिकेट (SLC) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने इस साल के एशिया कप टूर्नामेंट को पाकिस्तान से बाहर करने के मामले में बीसीसीआई का समर्थन किया था।