17 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जोस बटलर ने रचा इतिहास, T20 क्रिकेट में 300 कैच लपकने वाले बने दुनिया के दूसरे विकेटकीपर

IPL 2026, GT vs KKR: आईपीएल 2026 के 25वें मुकाबले में जोस बटलर ने टी20 क्रिकेट में 300 कैच पूरे कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह ऐसा करने वाले चौथे खिलाड़ी और दूसरे विकेटकीपर बन गए हैं।

2 min read
Google source verification
jos Buttler

जोस बटलर (फोटो- IANS)

Jos Buttler T20 Cricket Record: आईपीएल 2026 के 25वें मुकाबले में शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) की भिड़ंत गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) के साथ हो रही है। ये मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां जोस बटलर (Jos Buttler) ने एक खास उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने टी20 क्रिकेट में 300 कैच पूरे कर लिए हैं।

दुनिया के सिर्फ दूसरे विकेटकीपर

जोस बटलर टी20 क्रिकेट में 300 कैच लेने वाले महज चौथे खिलाड़ी और दूसरे विकेटकीपर हैं। क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में सर्वाधिक कैच लेने का रिकॉर्ड कायरन पोलार्ड (Kieron Pollard) के नाम दर्ज है, जिन्होंने टी20 में 405 कैच पकड़े हैं। वहीं, इस सूची में दूसरे नंबर पर डेविड मिलर (David Miller) हैं, जिन्होंने 332 कैच लिए हैं, जबकि क्विंटन डीकॉक (Quinton de Kock) 316 कैच के साथ तीसरे स्थान पर काबिज हैं। केकेआर की पारी के दौरान कगिसो रबाडा (Kagiso Rabada) की गेंद पर अंगकृष रघुवंशी का कैच पकड़ते ही बटलर ने यह खास मुकाम हासिल किया।

बटलर का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में अब तक शानदार रहा है। वह गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते हुए 4 पारियों में 158 के स्ट्राइक रेट से 176 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने दो अर्धशतक भी लगाए हैं। आखिरी मुकाबले में लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ खेले गए मैच में बटलर ने 37 गेंदों में 60 रनों की शानदार पारी खेली थी, जिसमें उन्होंने 11 चौके लगाए थे।

टी20 वर्ल्डकप में फ्लॉप रहे थे बटलर

हालांकि, आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 (ICC Men's T20 World Cup 2026) में बटलर का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। इंग्लैंड के इस अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज ने टूर्नामेंट की 8 पारियों में 10.87 की औसत और 116 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 87 रन बनाए थे।

इस मुकाबले के लिए गुजरात टाइटंस ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, केकेआर की टीम एक बदलाव के साथ मैदान पर उतरी है। फिन ऐलन की जगह टिम सीफर्ट को प्लेइंग 11 में शामिल किया गया है। जीटी ने आईपीएल 2026 में अब तक 4 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 2 में जीत मिली है, जबकि 2 मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है।