पाकिस्तान दौरे से पहले केन विलियम्सन टेस्ट मैच फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ी दी है। टीम के सीनियर पेसर टिम साउदी अब टेस्ट मैच की कप्तानी संभालेंगे। केन लंबे समय से तीनों ही फॉर्मेट में न्यूजीलैंड की कमान संभाले हुए थे। 2021 में उनके नेतृत्व में ही कीवी टीम ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का पहला खिताब जीता था।
kane williamson resigns as test captain: न्यूजीलैंड के दिग्गज खिलाड़ी केन विलियम्सन ने पाकिस्तान दौरे से पहले अपनी टीम को एक बड़ा झटका दिया है। विलियम्सन ने टेस्ट की कप्तानी छोड़ दी है। हालांकि वह अब सिर्फ वनडे और टी-20 क्रिकेट में कीवी टीम का नेतृत्व करना जारी रखेंगे। टेस्ट टीम की कमान तेज गेंदबाज टिम साउदी को सौंपी गई है। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) ने आधिकारिक तौर पर ये जानकारी दे दी है।
टेस्ट कप्तानी छोड़ने के बाद विलियमसन ने कहा, "टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम की कप्तानी करना विशेष सम्मान रहा है। मेरे लिए टेस्ट क्रिकेट सबसे ऊपर है और मैंने इस प्रारूप में टीम का नेतृत्व करने की चुनौतियों का आनंद लिया है। करियर के इस चरण में मुझे लगता है कि यह सही समय है। अगले दो सालों में दो विश्व कप खेले जाने हैं, जिसके चलते मैं लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में कप्तानी जारी रखूंगा।"
विलियमसन ने कहा, 'न्यूजीलैंड क्रिकेट से बातचीत के बाद मुझे लगा कि अभी सिर्फ वनडे में ही बागडोर संभालना ठीक रहेगा। इसके अलावा मैं टिम और उपकप्तान के रूप में टॉम को शुभकामनाएं देता हूं। हमने दोनों के ही साथ लंबे समय तक खेला है। मुझे पूरा विश्वास है कि वे टेस्ट क्रिकेट को और आगे ले जाएंगे। टिम तेज गेंदबाज हैं ऐसे में उनका नजरिया और तरीका अलग होगा जो कि मैदान में देखने को मिलेगा।'
विलियमसन ने 2016 में पहली बार न्यूजीलैंड की टेस्ट टीम की कप्तानी की थी। उनके नेतृत्व में कीवी टीम ने 40 टेस्ट खेले हैं, जिसमें से 22 में उनकी टीम जीती है जबकि 10 में हार का सामना किया है। इनके अलावा आठ मैच ड्रॉ रहे हैं। विलियमसन के नेतृत्व में न्यूजीलैंड ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2019 -2021 का खिताब अपने नाम किया था। उन्होंने फाइनल में भारतीय टीम को हराया था।
न्यूजीलैंड क्रिकेट के CEO डेविड व्हाइट ने विलियमसन का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, 'केन हमारे सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में से एक हैं और हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि वह अपने क्रिकेट का आनंद लें। वह जब तक सम्भव हो तक तक न्यूजीलैंड के लिए खेलें। वह एक शानदार कप्तान रहे हैं और टीम ने उनकी अगुवाई में सफलता हासिल की है। उन्होंने टेस्ट में टीम के लिए उल्लेखनीय काम किया है।' न्यूजीलैंड को अब 26 दिसंबर से पाकिस्तान दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। कीवी टीम से 88 टेस्ट में 347 विकेट ले चुके साउथी ने अब से पहले टेस्ट प्रारूप में कप्तानी नहीं की है।