1 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IND vs ENG: दूसरे टेस्ट से पहले टीम इंडिया को दोहरा झटका, केएल राहुल और रविंद्र जडेजा चोट के चलते बाहर

IND vs ENG: रवींद्र जडेजा और केएल राहुल चोटिल होकर दूसरे टेस्ट के लिए टीम से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने इसकी जानकारी दी है। जडेजा को हैमस्ट्रिंग में चोट लगी है, जबकि राहुल को क्वाड्रिसेप्स चोट की शिकायत है।

2 min read
Google source verification
kl_and_jadeja_india_.jpg

KL Rahul and Ravindra Jadeja out India ve England: इंग्लैंड के खिलाफ हैदराबाद में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। पहली पारी में 190 रनों की विशाल बढ़त हासिल करने के बाद भारतीय टीम ने यह मैच 28 रनों से गवां दिया। टीम अभी इस हार से उभर भी नहीं पाई थी कि उन्हें दोहरा झटका लगा है। ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा और दायें हाथ के बल्लेबाज केएल राहुल विशाखापत्तनम के डॉ वाई एस राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक जडेजा को हैमस्ट्रिंग में चोट लगी है, जबकि राहुल को क्वाड्रिसेप्स चोट की शिकायत है। दोनों खिलाड़ियों ने पहले टेस्ट की पहली पारी में अर्धशतक लगाए थे। मुश्किल वक़्त पर बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए केएल राहुल ने 86 और रवींद्र जडेजा ने 87 रन बनाए थे। ऐसे में हार के बाद दूसरे टेस्ट में इन दोनों का नहीं खेलना भारत के लिए एक बड़ा झटका है।

बोर्ड ने बताया कि बीसीसीआई की मेडिकल टीम दोनों की निगरानी कर रही है। इसी के साथ चयन समिति ने इन दोनों के रिप्लेसमेंट के तौर पर तीन खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है। बल्लेबाज सरफराज खान, बाएं हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार और ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को भारतीय स्क्वॉड में शामिल किया गया है।

बीसीसीआई ने कहा, 'चयन समिति ने सरफराज खान, सौरभ कुमार और वॉशिंगटन सुंदर को भारत की टीम में शामिल किया है। आवेश खान अपनी रणजी ट्रॉफी टीम, मध्य प्रदेश के साथ जुड़े रखेंगे और जरूरत पड़ने पर टेस्ट टीम में शामिल होंगे।'

बता दें जडेजा को पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन चोट लग गई थी। रविवार को बल्लेबाजी के दौरान रन दौड़ते समय जडेजा की हैमस्ट्रिंग खिच गई थी, जिसके बाद वे मैदान में लंगड़ाते हुए नज़र आए थे। जडेजा जांघ के पिछले हिस्से को पकड़ते हुए दर्द में दिखे।

Story Loader