रणजी ट्रॉफी में बड़ोदा और रेलवे के बीच मुकाबले में बड़ोदा के हरफनमौला खिलाड़ी क्रुणाल पांड्या ने शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
नई दिल्ली। दिल्ली में बड़ौदा और रेलवे के बीच जारी एक मैच में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक बड़ौदा ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट के नुकसान पर 14 बना लिए हैं और उसकी कुल बढ़त 127 रनों की हो गई है। इस मुकाबले में क्रुणाल पांड्या का बल्ला जमकर बोला और उनका गेंद से भी प्रदर्शन शानदार रहा है।
अभी तक के मैच का हाल-
बड़ौदा ने सोमवार को अपनी पहली पारी में पहले दिन के स्कोर छह विकेट पर 289 रनों से आगे खेलना शुरू किया और पूरी टीम 313 रनों पर सिमट गई। जवाब में रेवले की टीम भी पहली पारी में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई और 200 रनों पर ही ऑल आउट हो गई। मेजबान टीम के लिए पहली पारी में सबसे अधिक रन कप्तान महेश रावत (50) ने बनाए जबकि बड़ौदा के लिए क्रूणाल पांड्या ने चार और भार्गव भट्ट ने तीन विकेट चटकाए।
क्रुणाल का शानदार प्रदर्शन-
क्रुणाल ने बरोदा के लिए पहली पारी में 219 गेंदों में 21 चौकों की मदद से 160 रन बनाए और फिर जब रेलवे बल्लेबाजी करने उतरी तो उन्होंने उनको शुरूआती झटके देकर बड़ा स्कोर करने से रोका। क्रुणाल ने 18.3 ओवरों में 40 रन देकर 4 विकेट झटके। दूसरे दिन की समाप्ति पर बड़ोदा अपनी दूसरी पारी में 2 विकेट खोकर 14 रन बना चुकी है और अब उसके पास 127 रनों की बढ़त मौजूद है।