MS Dhoni Latest Video : एमएस धोनी का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में धोनी को देखते ही एक फीमेल फैन उनके पैरों में गिर जाती है। इसके बाद माही का दिल जीत लेने वाला अंदाज देखने को मिला।
MS Dhoni Latest Video : चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एमएस धोनी आईपीएल 2023 का खिताब जीतने के बाद से ब्रेक पर हैं। आईपीएल में घुटने की चोट से जूझ रहे धोनी ने सीजन खत्म होते ही मुंबई में सर्जरी कराई थी, जिसके बाद से वह रांची में रिहैब पर हैं। बता दें कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद से वह ज्यादातर समय अपने परिवार के साथ घर पर ही बिताते हैं। हालांकि मनमौजी माही का मन जब घूमने का होता है तो वह बाइक या फिर कार लेकर सैर पर निकल जाते हैं। संन्यास के बाद भी माही की फैन फॉलोइंग कम नहीं हुई है। इस बात के सबूत सोशल मीडिया पर हमेशा वायरल होने वाले वीडियो हैं। धोनी का अब एक नया वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, इस वीडियो में एमएस धोनी चेयर पर बैठे हुए नजर आ रहे हैं। इसी बीच उनकी एक फीमेल फैन आती है और आते ही माही के पैरों में पड़ जाती है। यह देख धोनी उसे ऐसा करने से मना करते हैं और मुस्कुराते हुए उससे हाथ मिलाते हैं। धोनी का यह अंदाज सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है।
धोनी के फैन ने ही इस वीडियो को ट्विटर (एक्स) पर पोस्ट किया है, जिसे लगातार कई यूजर्स ने शेयर किया है। बता दें कि इससे पहले भी एमएस धोनी के पैर छूने के कई वीडियो वायरल हो चुके हैं। उनके कई फैंस इस तरह कर चुके हैं। आईपीएल 2023 की ओपनिंग सेरेमनी में तो सिंगर अरिजीत सिंह ने भी माही के पैर छूए थे।
बता दें कि धोनी सोशल मीडिया पर बहुत कम सक्रिय रहते हैं। इसके बावजूद इंस्टाग्राम पर 45 मिलियन से अधिक लोग उन्हें फॉलो करते हैं। धोनी ने आखिरी बार इंस्टाग्राम पर अपने बर्थडे का पोस्ट किया था, जिसमें वह अपने पालतू कुत्तों के साथ दिखे थे। धोनी ने कुत्तों के साथ ही अपना बर्थडे केक भी काटा था। उस वीडियो को भी काफी पसंद किया गया था।