धोनी ने अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू जनवरी 2000 में किया था उस समय धोनी ने रियान पराग के पिता पराग दास को अपना पहला शिकार बनाया था पराग दास असम से रणजी ट्रॉफी खेलते थे
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2019 में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलने वाले रियान पराग काफी सुर्खियों में रहे थे। रियान पराग ने अपने प्रदर्शन से अपनी टीम को कई बार अहम जीत दिलाई थी। 17 साल के रियान पराग खासकर चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ जैसे ही मैदान पर उतरे तो वो ज्यादा सुर्खियों में आ गए। ऐसा इसलिए कि कभी रियान पराग के पिता और महेंद्र सिंह धोनी साथ में क्रिकेट खेल चुके हैं। धोनी ने उस वक्त अपने करियर का आगाज किया था और उस समय रियान 6 या 7 साल के थे। बचपन में रियान धोनी के जबरदस्त फैन थे।
रियान के पिता पराग थे धोनी के फर्स्ट क्लास क्रिकेट के पहले शिकार
अब रियान पराग 17 वर्ष की उम्र में IPL में धोनी के खिलाफ खेल चुके हैं। इसके अलावा एक रोचक किस्सा और सामने आया है, जो रियान पराग और धोनी से ही जुड़ा हुआ है। दरअसल, धोनी ने जनवरी 2000 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था। धोनी ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट बिहार के लिए खेलना शुरु किया था। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में धोनी ने अपना सबसे पहला शिकार रियान पराग के पिता पराग दास को किया था। धोनी ने पराग दास को स्टंप आउट किया था। हैरानी वाली बात ये है कि उस समय रियान पराग का जन्म भी नहीं हुआ था। इसके अलावा धोनी और पराग दास ने एक साथ एक टीम के लिए भी क्रिकेट खेला है। पराग दास और धोनी रेलवे के लिए क्रिकेट खेला करते थे।
रियान ने अपने पिता से ही ली है क्रिकेट की कोचिंग
आपको बता दें कि रियान पराग के पिता पराग दास भी क्रिकेटर रह चुके हैं। वो असम और रेलवे के लिए रणजी ट्रॉफी खेल चुके हैं। रियान का परिवार गुवाहटी का ही रहने वाला है। रियान को कोचिंग देने वाले उनके पिता ही हैं। रियान पराग की मां मिट्ठू बरुवा स्विमिंग चैंपियन थी। रियान के बाजुओं में काफी ताकत है। उन्हें स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और वेटलिफ्टिंग काफी पसंद है। रियान पराग ने अपने इंस्टाग्राम अकाऊंट पर वेटलिफ्टिंग के कई वीडियो पोस्ट किए हैं, जिसमें वो 100 किलो वजन उठाते हुए दिख रहे हैं।