18 जनवरी 2026,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

शाहिद अफरीदी ने क्रिकेट और फैंस को सालों तक दिया धोखा, अब खुद ही किया खुलासा

अफरीदी ने अपनी आत्मकथा 'गेम चेंजर' में किया बड़ा खुलासा। अफरीदी ने खुद को वास्तविक उम्र से पांच साल बड़ा बताया। आत्मकथा में कश्मीर को लेकर भी किया जिक्र।

2 min read
Google source verification
Shahid Afridi

पाकिस्तान। पाकिस्तानी खिलाड़ी खेल भावना के विपरित आचरण करने के लिए जाने जाते रहे हैं। मैच फिक्सिंग से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होना हो या मैदान पर विपक्षी खिलाड़ियों के खिलाफ अभद्र आचरण। पाकिस्तानी खिलाड़ी इन कामों में हमेशा आगे रहे हैं। इस बार तो एक पाकिस्तानी दो कदम और आगे निकल गया। यहां हम बात कर रहे हैं पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ( Shahid Afridi ) की।

अफरीदी ने सालों तक दिया धोखा...

अफरीदी की वास्तविक उम्र को लेकर हमेशा से विरोधाभास की स्थिति रही है। इस बार उन्होंने अपनी आत्मकथा 'गेम चेंजर' में खुद ही चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने खुद इस बात को माना है कि वे अपनी कागजों में जो उम्र है उससे पांच साल बड़े हैं। कागजों के मुताबिक अफरीदी का जन्म 1 मार्च, 1980 है जबकि अपनी आत्मकथा में उन्होंने खुद माना है कि उनका जन्म एक मार्च, 1975 को हुआ था।

अफरीदी के नाम वनडे में ये रिकॉर्डः

बात यहीं खत्म नहीं होती। अफरीदी ने झूठ बोलकर एक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर रखा है। अफरीदी के नाम वनडे में सबसे कम उम्र में शतक जड़ने का रिकॉर्ड दर्ज है। अफरीदी ने 16 साल और 217 दिन की उम्र में श्रीलंका के खिलाफ 1996 में शतक लगाया था। अफरीदी के बाद यह रिकॉर्ड अफगानिस्तान के उस्मान गनी के नाम है। गनी ने साल 2014 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 17 साल और 242 दिन की उम्र में शतक ठोका था।

क्या आईसीसी कर सकता है कार्रवाई?

ऐसे में अब सवाल यह उठता है कि आईसीसी अफरीदी के खुलासे के बाद क्या कोई कार्रवाई कर सकता है? इसका जवाब है हां। आईसीसी इस मामले की जांच कर सकता है और जांच में अफरीदी के गलत पाए जाने पर उनसे वर्ल्ड रिकॉर्ड छीना जा सकता है। रिकॉर्ड लिस्ट में अफरीदी का नाम काटकर यह रिकॉर्ड गनी के नाम दर्ज हो सकता है।

कश्मीर को लेकर कही ये बात...

अफरीदी ने अपनी आत्मकथा में कश्मीर का जिक्र भी किया है। कश्मीर को लेकर अफरीदी ने कहा है कि कश्मीर ना भारत का है और ना ही पाकिस्तान का। कश्मीर सिर्फ कश्मीरियों का है।