
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2022 में गुरुवार को एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला। पर्थ में खेले गए रोमांचक मुक़ाबले में जिम्बाब्वे ने पाकिस्तान को एक रन से हरा दिया। इस हार के साथ पाकिस्तान की सेमीफाइनल की रह बहुत कठिन हो गई हैं और उनके टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। इस हार के बाद जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति एमर्सन नंगाग्वा ने पाकिस्तान की फिरकी लेते हुए एक ट्वीट किया। जिसके बाद सोशल मीडिया में मिस्टर बीन की तस्वीर वायरल होने लगी।
जिम्बाब्वे की जीत के बाद राष्ट्रपति एमर्सन नंगाग्वा ने ट्विटर पर लिखा, 'जिम्बाब्वे के लिए क्या जीत! टीम को बधाई। अगली बार असली मिस्टर बीन भेजना।' अब इसका जवाब पाकिस्तान के प्रधान मंत्री शहबाज शरीफ ने दिया है। पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने लिखा, 'हमारे पास रियल मिस्टर बीन नहीं है तो क्या हुआ। हमारे पास क्रिकेटिंग स्पिरिट है और हम पाकिस्तानी में वापसी करने की अजीब आदत है। मिस्टर प्रेसिडेंट बधाई हो। आपकी टीम ने शानदार खेला।'
एमर्सन नंगाग्वा के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए भारत के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने भी पाकिस्तान के मजे ले लिए। उन्होंने लिखा, 'राष्ट्रपति जी भी खेल गए। पड़ोसी की दुखती रग।' बता दें मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान से ऑस्ट्रेलिया पहुंचा फेक मिस्टर बीन तस्वीरें खिंचवाने के लिए पैसे की डिमांड कर रहा था। इसे लेकर सोशल मीडिया पर काफी बवाल मचा हुआ है।
इस मैच में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 130 रन बनाए। जिम्बाब्वे के लिए सीन विलियम्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंद पर 31 रनों की पारी खेली। जवाब में पाकिस्तान की टीम 8 विकेट खोकर मात्र 129 रन ही बना पाई और एक रन से हार गई। इस हार के साथ पाकिस्तान इस टूर्नामेंट से लगभग बाहर हो गया है। उसके अगले दो मैच दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश से हैं और उन्हें दोनों मैच जीतने पड़ेंगे।
Published on:
28 Oct 2022 02:20 pm
