
एसआरएच के खिलाफ बल्लेबाजी करते वैभव सूर्यवंशी। इनसर्ट में- पैट कमिंस। (फोटो सोर्स: IANS)
Pat Cummins on Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी हर गुजरते दिन के साथ अपना नाम बड़ा करते जा रहे हैं। शनिवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में उन्होंने आईपीएल में अपना दूसरा शतक जड़ा। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए महज 37 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौकों और 12 छक्कों की मदद से 103 रन ठोक डाले। हालांकि, उनकी यह पारी बेकार चली गई, क्योंकि एसआरएच ने 228 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए आरआर को पांच विकेट से हरा दिया।
वैभव ने जिस तरह से जसप्रीत बुमराह और जोश हेजलवुड जैसे गेंदबाजों की धुनाई की, ठीक वैसे ही शनिवार को उन्होंने एसआरएच के कप्तान पैट कमिंस को भी नहीं बख्शा। सूर्यवंशी ने ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट और वनडे कप्तान पैट कमिंस की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ इस मैच में सूर्यवंशी ने कमिंस की सिर्फ चार गेंदों का सामना किया और आठ रन बनाए, जिसमें एक छक्का और दो सिंगल शामिल थे।
जयपुर में सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी को अपनी आंखों से देखने के बाद अब यह कहना गलत नहीं होगा कि पैट कमिंस भी उनके फैन बन गए हैं। इस अनुभवी खिलाड़ी ने युवा बल्लेबाज की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि बिहार के समस्तीपुर का यह बल्लेबाज अब उनका "नया फेवरेट खिलाड़ी" बन गया है।
मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमिंस ने कहा कि मुझे लगता है कि वह मेरा नया फेवरेट खिलाड़ी है। वह गेंद को इतनी जोर से मारता है कि उसे खेलते देखना बहुत मजेदार लगता है। यह वाकई में बहुत मजेदार है। उन्होंने कहा कि बतौर एक गेंदबाज आपको बिल्कुल सटीक गेंदबाजी करनी पड़ती है। अगर आप ऐसा नहीं करते, तो गेंद बाउंड्री के पार चली जाती है। यह वाकई में बहुत प्रभावशाली है। उसने अपने करियर की शुरुआत बहुत शानदार तरीके से की है और मुझे उसका खेलने का अंदाज बहुत पसंद है। वह निडर होकर खेलता है।
सनराइजर्स के खिलाफ 103 रनों की पारी खेलने के बाद सूर्यवंशी कुछ समय के लिए ऑरेंज कैप लीडरबोर्ड में टॉप पर पहुंच गए थे। हालांकि, इसी मैच में अभिषेक शर्मा ने 29 गेंदों पर 57 रनों की पारी खेलकर उन्हें पीछे छोड़ दिया। आठ मैचों के बाद अभिषेक के नाम 380 रन हैं, जबकि सूर्यवंशी के नाम 357 रन दर्ज हैं।
Published on:
26 Apr 2026 07:49 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
