
अभिषेक शर्मा ने खेली तूफानी पारी (photo - IPL official Site)
Abhishek Sharma, Indian Premier League 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 17वें मुकाबले में शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की भिड़ंत पंजाब किंग्स (PBKS) के साथ हो रही है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मुल्लांपुर के महाराज यदविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में 74 रनों की दमदार पारी खेली।
अभिषेक ने खास मामले में सनत जयसूर्या और जोस बटलर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। अभिषेक ने 74 रनों की धमाकेदार पारी में 5 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के लगाए। अभिषेक के आगे पंजाब किंग्स का गेंदबाजी अटैक पूरी तरह से बेबस नजर आया। अभिषेक ने आईपीएल में शुरुआती छह ओवरों में एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में सनत जयसूर्या और जोस बटलर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
अभिषेक ने पंजाब किंग्स के खिलाफ इस मुकाबले में छह ओवर के पावरप्ले में 7 छक्के लगाए। वहीं, सनत जयसूर्या ने साल 2008 में मुंबई इंडियंस की ओर से चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 7 छक्के लगाए थे। वहीं, जोस बटलर ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 2018 में शुरुआती छह ओवरों में 7 छक्के लगाए थे।
ट्रेविस हेड के साथ मिलकर अभिषेक शर्मा ने सनराइजर्स हैदराबाद को तूफानी शुरुआत दी। अभिषेक और हेड ने मिलकर पहले विकेट के लिए 8.1 ओवर में 120 रन जोड़े। हेड 23 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, कप्तान ईशान किशन अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और उन्होंने 17 गेंदों में 27 रन बनाए।
अभिषेक और हेड की शानदार बल्लेबाजी के बूते एसआरएच ने छह ओवर के पावरप्ले में बिना कोई विकेट गंवाए 105 रन बनाए, जो आईपीएल इतिहास में पावरप्ले में बनाया गया तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इस लीग के पावरप्ले में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी सनराइजर्स हैदराबाद के नाम दर्ज है। एसआरएच ने साल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में शुरुआती 6 ओवरों के पावरप्ले में 125 रन बनाए थे।
Published on:
11 Apr 2026 06:39 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
