
पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी और पाकिस्तान टीम (photo - Espncricinfo)
T20 World Cup 2026, Mohsin Naqvi: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शर्मनाक प्रदर्शन का खामियाजा अब पाकिस्तानी खिलाड़ियों को अपनी जेब से भुगतना पड़ेगा। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने सख्त रुख अपनाते हुए पूरी टीम पर भारी जुर्माना लगाने का फैसला किया है। सुपर-8 से बाहर होने और टीम इंडिया के हाथों ग्रुप स्टेज में मिली करारी हार ने बोर्ड का पारा सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।
खबरों के मुताबिक, वर्ल्ड कप टीम के हर सदस्य पर 50 लाख पाकिस्तानी रुपये (करीब 16 लाख भारतीय रुपये) का जुर्माना ठोक दिया गया है। अजीब बात यह है कि खिलाड़ियों को यह पैसा अपनी तरफ से नहीं देना होगा, बल्कि पीसीबी इसे उनकी सैलरी या मैच फीस से खुद ही काट लेगा। लगातार चौथा आईसीसी टूर्नामेंट बीत गया और पाकिस्तान सेमीफाइनल तक की शक्ल नहीं देख पाया। बोर्ड ने अब साफ मैसेज दे दिया है कि अगर मैदान पर खेल खराब होगा, तो बैंक बैलेंस भी कम होगा।
पाकिस्तान ने अपने सारे मैच श्रीलंका में खेले, जहां के हालात उनके घर जैसे ही थे, फिर भी टीम बुरी तरह फेल रही। पाकिस्तानी नीदरलैंड्स के खिलाफ जैसे-तैसे 3 विकेट से जीते। अमेरिका से भी 32 रनों से जीत हासिल की। असली पोल तब खुली जब टीम इंडिया ने उन्हें 61 रनों की करारी शिकस्त दी। इसके बाद सुपर-8 में भी किस्मत ने साथ नहीं दिया। न्यूजीलैंड के साथ मैच बारिश में धुल गया, इंग्लैंड ने 2 विकेट से हरा दिया और श्रीलंका को हराने के बावजूद खराब 'नेट रन रेट' की वजह से पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गया।
इस वर्ल्ड कप से पहले पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने काफी ड्रामा किया था। पहले तो उन्होंने टीम इंडिया के खिलाफ मैच का बायकॉट करने की धमकी दी, लेकिन अंत में जब पाकिस्तान खेलने उतरा, तो भारत ने उन्हें बुरी तरह धूल चटा दी। इस हार के बाद पूरी दुनिया में और खुद पाकिस्तान में टीम का खूब मजाक उड़ा। इसी 'खिसियाहट' में अब बोर्ड ने खिलाड़ियों पर यह तगड़ा जुर्माना लगाया है।
Updated on:
02 Mar 2026 01:02 pm
Published on:
02 Mar 2026 01:02 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
