
Jaipur Pink Panthers vs Bengal Warriors, Pro Kabaddi League 2024: प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन के पांचवें मुकाबले में रविवार को जयपुर पिंक पैंथर्स ने बंगाल वारियर्ज को 39-34 के अंतर से हराया। रेड मशीन कहे जाने वाले अर्जुन देसवाल (15 अंक) जयपुर की जीत के हीरो रहे। गाचीबोवली इंडोर स्टेडियम में खेले गये मुकाबले में बंगाल के लिए नितिन धनखड़ (13 अंक) ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। मनिंदर सिंह ने 8 अंक बटोरे जबकि फजल अत्राचली ने हाई-5 लगाया। जयपुर के लिए देसवाल के अलावा अभिजीत मलिक (सात अंक) ने चमक बिखेरी।
शुरुआती 10 मिनट काफी रोमांचक रहा। देसवाल मैच की पहली ही रेड पर नितेश द्वारा लपक लिए गए। वह जल्द ही रिवाइव हुए लेकिन अगली ही रेड पर फिर लपक लिए गए। पांच मिनट के बाद बंगाल को 5-2 की बढ़त मिली हुई थी। नितेश की गलती पर देसवाल रिवाइव हुए और मैच की सूरत बदल दी। रिवाइवल के बाद लगातार तीन रेड में उन्होंने तीन अंक लेकर जयपुर को बढ़त दिला दी। फिर देसवाल ने बंगाल को आलआउट की ओर धकेला और इसे अंजाम देकर अपनी टीम को 12-9 की बढ़त दिला दी।
ब्रेक के बाद भी अर्जुन नहीं रुके। उन्होंने दो रेड में तीन अंक लेकर जयपुर को 15-10 से आगे कर दिया। नितिन धनखड़ ने हालांकि मैच के पहले सुपर रेड के साथ बंगाल की वापसी सुनिश्चित की। अब फासला 2 का रह गया था। अगली रेड पर अर्जुन ने फजल को बाहर कर दिया लेकिन अगली रेड पर मयूर ने उन्हें ढेर कर दिया।
अगले कुछ पल जयपुर के लिए अहम रहे। डिफेंस ने मनिंदर को लपका तो वहीं रेजा मीरबघेरी ने दो अंक की रेड की। देसवाल रिवाइव हो चुके थे। आते ही उन्होंने सुपर-10 पूरा किया। बंगाल पर अब आलआउट का खतरा था लेकिन फजल ने देसवाल को सुपर टैकल कर इसे टाल दिया। पहला हाफ 21-18 से जयपुर के नाम रहा।
हाफ टाइम के बाद बंगाल फिर से सुपर टैकल की स्थिति में थे। देसवाल आए और रनिंग हैंड टच किया। अगली रेड पर वह सुपर टैकल हो गए। बंगाल लगातार अपना आलआउट टाल रहे थे। दो के डिफेंस मे फजल डू ओर डाई रेड के लिए तैयार थे। विकास गए और लपके गए। फजल ने अपना सुपर-5 पूरा किया। स्कोर 24-25 था।
जयपुर ने हालांकि अगले ही मिनट बंगाल को आलआउट कर 29-25 की बढ़त ले ली। अगले चार मिनट में दोनों टीमों ने 3-3 अंक हासिल किए। देसवाल हालांकि बाहर हो चुके थे। इसी बीच नितिन ने सुपर-10 पूरा किया। जयपुर ने इसके बाद लगातार दो अंक लिए और देसवाल को रिवाइव करा लिया। अब बढ़त चार की हो चुकी थी।
नितिन ने अंकुश को बाहर कर फासला 3 का कर दिया। पांच के डिफेंस में नितिन फिर अंक लेकर लौटे। अब फासला 2 का रह गया। फिर डू ओर डाई रेड पर देसवाल ने फजल का शिकार कर फासला 3 का कर दिया लेकिन नितिन ने दो अंक की रेड के साथ स्कोर 34-35 कर दिया। इसी बीच, जयपुर ने अहम मुकाम पर सुपर टैकल को अंजाम देकर मैच अपने नाम कर लिया।
Updated on:
21 Oct 2024 10:50 am
Published on:
21 Oct 2024 10:02 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
