
Prithvi Shaw Royal London One Day Cup: अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा के नक्शेकदम पर चलते हुए भारतीय टीम के युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ भी काउंटी क्रिकेट खेल रहे हैं। लंबे समय से खराब फॉर्म के चलते भारतीय टीम से बाहर चल रहे शॉ ने यहां रॉयल लंदन वनडे कप में नॉर्थहैम्पटनशायर की ओर से खेलते हुए सोमेरसेट के खिलाफ दोहरा शतक लगाया है।
नॉर्थैम्पटनशायर के लिए अपने डेब्यू मुक़ाबले में पृथ्वी शॉ कुछ खास नहीं कर पाये थे और ग्लूस्टरशायर के खिलाफ मात्र 34 रन बनाकर आउट हो गए थे। लेकिन उस मैच की कसर शॉ ने इस मैच में पूरी कर दी और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 81 गेंदों में शतक जड़ दिया। पृथ्वी यहीं नहीं रुके शतक के बाद उन्होंने अपने रन की गति को बढ़ाया और मात्र 129 गेंद पर अपना दोहरा शतक पूरा कर लिया। वनडे में यह उनका पहला दोहरा शतक है।
पृथ्वी ने इंग्लिश गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए 153 गेंद पर 28 चौके और 11 सिक्स की मदद से 244 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 159.47 का रहा। पृथ्वी ने अपनी इस आतिशी पारी से आलोचकों को करारा जवाब दिया है। यह रॉयल लंदन वनडे कप के इतिहास का सबसे बड़ा व्यतिगत स्कोर है। इससे पहले ओलिवर जॉर्ज रॉबिन्सन ने 2022 में 206 रनों की पारी खेली थी। अगर अपनी इस पारी में पृथ्वी 21 रन और बना लेते तो वे भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड तोड़ देते। रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ 264 रनों की पारी खेली थी।
मैच की बात करें तो समरसेट के खिलाफ नॉर्थैम्पटनशायर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। नॉर्थैम्पटनशायर की शुरुआत अच्छी रही और एमिलो गे के साथ मिलकर पृथ्वी शॉ ने 63 रनों की ओपनिंग साझेदारी की। गे तो 35 गेंदों में 30 रन बनाकर चलते बने लेकिन पृथ्वी शॉ का बल्ला चलता रहा उन्होंने टीम की रनगति को बिल्कुल भी धीमा नहीं होने दिया और देखते ही देखते अपना शतक भी पूरा कर लिया।
नॉर्थैम्पटनशायर को दूसरा झटका रिकार्डो वास्कोनसेलोस के रूप में लगा। रिकार्डो ने 53 गेंद पर 47 रन बनाए और शॉ के साथ दूसरे विकेट के लिए 112 रन जोड़े। इसके बाद सैम व्हाइटमैन ने शॉ का साथ दिया और टीम को 300 के पार पहुंचाया। 377 के स्कोर पर व्हाइटमैन अर्धशतक बनाकर आउट हो गए। व्हाइटमैन ने 51 गेंद पर 54 रन बनाए। नॉर्थैम्पटनशायर ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 415 रन बनाए हैं।
Published on:
09 Aug 2023 07:14 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
