
Tamim Iqbal announce retirement: अक्टूबर-नवंबर में भारत में खेले जाने वाले वनडे वर्ल्ड कप 2023 से पहले बांग्लादेश की टीम को एक बहुत बड़ा झटका लगा है। बांग्लादेश वनडे टीम के कप्तान तमीम इकबाल ने अचानक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। उनके इस फैसले से हर कोई हैरान है। इसी के साथ बांग्लादेशी दिग्गज के 16 साल लंबे क्रिकेट करियर का अंत हुआ।
34 वर्षीय तमीम इकबाल ने गुरुवार को चट्टोग्राम में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर संन्यास की घोषणा की। इस दौरान तमीम काफी भावुक हो गए और उनकी आंखें भर आईं। तमीम ने अपने संन्यास का ऐलान अफगानिस्तान के खिलाफ जारी तीन मैच की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला हारने के बाद किया। बांग्लादेश को चटगांव में अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में 17 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।
तमीम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'यह मेरे करियर का अंत है। मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है और मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया है। मैं इस क्षण से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं।' बांग्लादेश के कप्तान ने कहा कि यह फैसला जल्दीबाजी में नहीं लिया है। उन्होंने काफी सोच-विचार और अपने करीबी लोगों से बात करने के बाद ऐसा किया है।
उन्होंने आगे कहा 'कल अफगानिस्तान के खिलाफ मेरा आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच था। मैं अभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं। यह अचानक लिया गया फैसला नहीं था। मैं विभिन्न कारणों के बारे में सोच रहा था। मैं यहां जिक्र नहीं करना चाहता। मैंने इस बारे में अपने परिवार वालों से बात की है। मैंने सोचा कि यह मेरे लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का सही समय है।'
तमीम नें कहा, 'मैं प्रशंसकों को भी धन्यवाद देना चाहता हूं. आपके प्यार और विश्वास ने ही मुझे बांग्लादेश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित किया। मैं अपने जीवन के अगले अध्याय के लिए आपका सपोर्ट चाहता हूं। कृपया मुझे अपनी प्रार्थनाओं में रखें।'
बता दें तमीम ने 70 टेस्ट मैचों में 38.89 के औसत से 5134 रन बनाए हैं। जिसमें 10 शतक और 31 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं वनडे कि बात करें तो तमीम के नाम पर 36.62 की औसत से 8313 रन दर्ज हैं। वनडे में तमीम ने 14 शतक और 56 अर्धशतक ठोके हैं। टी20 में भी उनका बल्ला जमकर बोलता था। तमीम ने 78 अंतरराष्ट्रीय टी20 मुकाबलों में 24.08 के औसत से 1758 रन बनाए हैं। टी20 में तमीम के नाम पर 1 शतक और सात अर्धशतक दर्ज हैं।
Published on:
06 Jul 2023 03:57 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
