16 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की वनडे और टेस्ट टीम का ऐलान, भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी को नहीं मिली जगह

India squad vs New Zealand: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए वनडे और टेस्ट टीम का ऐलान कर दिया है।
2 min read
Google source verification
India Mens Cricket Team

भारतीय मेंस क्रिकेट टीम (फोटो- IANS)

Team India squad announced for New Zealand tour: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की वनडे और टेस्ट टीम का ऐलान किया है। पांच वनडे मैचों की सीरीज के पहले तीन मुकाबलों के लिए शुभमन गिल को कप्तान बनाया गया है, जबकि श्रेयस अय्यर उपकप्तान की भूमिका में होंगे। चौथे और पांचवें वनडे के लिए श्रेयस अय्यर के कंधों पर टीम के नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम की बागडोर शुभमन गिल के हाथों में होगी।

पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली पूरी वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे। ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल और नमन धीर भी सभी पांच मुकाबलों में नजर आएंगे।

मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार को नहीं मिली जगह

अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार की वनडे और टेस्ट टीम में वापसी नहीं हुई है। भुवनेश्वर कुमार को वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवें टी-20I मैच के लिए भारतीय टीम में जगह दी गई है। भुवनेश्वर कुमार 22 अक्टूबर से न्यूजीलैंड में शुरू होने वाली टी-20 इंटरनेशनल सीरीज में भी खेलेंगे।

पहले तीन वनडे मैचों के लिए भारतीय टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बरार, रुतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा (फिटनेस पर निर्भर) और कुलदीप यादव।

चौथे और पांचवें वनडे मैचों के लिए भारतीय टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर और उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, गुरनूर बरार, रुतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर और कुलदीप यादव।

न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम

शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर, फिटनेस पर निर्भर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, साई सुदर्शन, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज।

भारत vs न्यूजीलैंड वनडे सीरीज का शेड्यूल

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच वनडे मैचों की सीरीज की शुरुआत 4 नवंबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में होगी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच दूसरा मुकाबला 7 नवंबर को वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेला जाएगा। तीसरा मुकाबला 10 नवंबर को हैमिल्टन के सेडन पार्क में होगा, जबकि सीरीज के आखिरी दो मैच 13 और 15 नवंबर को माउंट मौंगानुई में खेले जाएंगे। ये सभी मुकाबले भारतीय समयानुसार सुबह 7:30 बजे से शुरू होंगे।

भारत vs न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज का शेड्यूल

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट 19 नवंबर को वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेला जाएगा। इसके बाद 27 नवंबर को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में दूसरा टेस्ट होगा।