
क्रिस्टी कोवेंट्री ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आइओसी) के 130 साल के इतिहास में पहली महिला और पहली अफ्रीकी अध्यक्ष बनने का गौरव हासिल किया। साथ ही वह सबसे युवा आइओसी अध्यक्ष भी बन गई हैं। जिम्बाब्वे की खेल मंत्री और दो बार की ओलंपिक तैराकी स्वर्ण पदक विजेता 41 वर्षीय क्रिस्टी ने सात उम्मीदवारों की प्रतिस्पर्धा में शानदार जीत हासिल की। क्रिस्टी कोवेंट्री मौजूदा अध्यक्ष थॉमस बाक की जगह लेंगी जिनका 12 साल का कार्यकाल 23 जून को खत्म हो रहा है।
क्रिस्टी कोवेंट्री को विश्व खेल में शीर्ष पद हासिल होना खेलों के लिए एक नए युग की शुरुआत माना जा रहा है। आइओसी अध्यक्ष का चुनाव करने के लिए करीब 100 प्रभावशाली हस्तियों ने मतदान किया। पहले दौर में 97 में से 49 सदस्यों ने कोवेंट्री के पक्ष में मतदान किया। उन्होंने पूर्व दिग्गज एथलीट सेबेस्टियन को और जुआन एंटोनियो समारांच जूनियर जैसे दावेदारों को पछाड़ा। यह दशकों बाद सबसे मुश्किल से तय होने वाला आइओसी अध्यक्ष चुनाव था जिसमें मतदान से पहले स्पष्ट रूप से कोई आगे नहीं था।
कोवेंट्री ने कहा कि गर्व के साथ वह अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति का नेतृत्व करेंगी। उन्होंने कहा, "यह न केवल एक बड़ा सम्मान है, बल्कि यह आप में से हर एक के प्रति मेरी प्रतिबद्धता की याद दिलाता है कि मैं इस संगठन का नेतृत्व बहुत गर्व के साथ करूंगी।"
100 प्रभावी हस्तियों ने किया चुनाव
इस शीर्ष खेल पद का चुनाव ग्रीस के दक्षिण-पश्चिमी पेलोपोन्नीस के लक्जरी समुद्र तटीय रिसॉर्ट में आयोजित आइओसी सत्र में किया गया। सात बार की ओलंपिक पदक विजेता कोवेंट्री 2012 में आइओसी के एथलीट आयोग में शामिल हुईं और शीर्ष पद पर उनका चुनाव आइओसी के लिए एक नए युग का संकेत है। समझा जा रहा है कि कोवेंट्री एथलीट अधिकार, लिंग विवाद और खेलों की स्थिरता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर एक नया दृष्टिकोण लेकर आएंगी।
Published on:
21 Mar 2025 08:09 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
