
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग(IPL) के 11वें संस्करण में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर(RCB) को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में बुधवार को चेन्नई सुपर किंग्स(CSK) के हाथों हार का सामना करना पड़ा। विराट कोहली की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने चेन्नई को जीत के लिए 206 रनों का लक्ष्य दिया था जिसे महेंद्र सिंह धोनी की टीम ने दो गेंद रहते चेस कर लिया। इस मैच में किसी भी आईपीएल मैच की तुलना में सर्वाधिक छक्के लगे। इस मैच में RCB के दिग्गज बल्लेबाज डिविलियर्स ने 8 छक्के लगाए, CSK के सलामी बल्लेबाज अम्बाती रायडू ने भी 8 छक्के लगाए और CSK के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 7 छक्के लगाए जिसमे आखिरी सिक्स विनिंग शॉट था। इस मैच में कुल 33 छक्के लगे।