
Virat Kohli Century India vs Australia Test: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अहमदाबाद में खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच में पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने शतक लगाया है। कोहली का यह शतक 1204 दिन, 23 मैच और 41 पारियों के बाद आया है। यह उनके टेस्ट करियर का 28वां शतक है। वहीं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह उनका 75वां शतक है।
इसके साथ ही वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे स्थान पर आ गए हैं। सचिन ने भारत के लिए कुल 100 शतक लगाए थे। वहीं, विराट अब तक 75 शतक लगा चुके हैं। इनमें से 28 शतक टेस्ट में, 46 वनडे में और एक टी20 में आया है।
कोहली पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म में थे और टेस्ट क्रिकेट में उनके बल्ले से रन नहीं आ रहे थे। वे लगातार रन बनाने के लिए संघर्ष करते दिखाई दिये। कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में आखिरी शतक तीन साल पहले 23 नवंबर 2019 को बांग्लादेश के खिलाफ कोलकाता में खेले गए डे-नाइट टेस्ट मैच में लगाया था। इसके बाद से वह टेस्ट क्रिकेट में शतक नहीं लगा पाए थे। अब उन्होंने यह सूखा खत्म किया है।
विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 16वीं बार शतकीय पारी खेली है। उन्होंने टेस्ट और वनडे में आठ-आठ शतक लगाए हैं। वह किसी एक देश के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले पर तीसरे नंबर पर हैं। इस मामले में सचिन सबसे ऊपर हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 20 शतक लगाए। वहीं, दूसरे नंबर पर डॉन ब्रैडमैन हैं, जिन्होंने इंग्लैंड के खिलफ 19 शतक लगाए थे।
यह पहली बार है जब कोहली को टेस्ट में दो शतकों के बीच इतना लंबा इंतेजार करना पड़ा है। इससे पहले उन्हें अधिकतम 11 पारी का इंतजार करना पड़ा था। इसके अलावा यह उनके करियर का दूसरा सबसे धीमा शतक है। कोहली ने यह शतक 241 गेंद में पूरा किया। इससे पहले 2012 में नागपुर में इंग्लैंड के खिलाफ कोहली ने 289 गेंदों का सामना करने के बाद शतक लगाया था।
Published on:
12 Mar 2023 01:56 pm
