
विदेशी जमीन पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विकेट कीपर बल्लेबाज बने ऋषभ पंत (photo - IANS)
Rishabh Pant surpasses MS Dhoni, India vs Srilanka 2nd test: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो के सिंहली क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करते हुए इतिहास रच दिया है। पंत विदेशी जमीन पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विकेट कीपर बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया है।
पंत ने सोमवार को कोलंबो में 89 गेंद पर 63 रनों की शानदार पारी खेली। इसी के साथ उन्होंने विदेशी धरती पर 2500 टेस्ट रन पूरे कर लिए। धोनी ने घर से बाहर खेलते हुए 2,496 रन बनाए। पंत ने यह उपलब्धि लगभग 42 के औसत से हासिल की है, जो धोनी के 32.84 के औसत से काफी बेहतर है। भारत के पूर्व विकेटकीपर फारुख इंजीनियर 32.67 के औसत से 1,209 रन बनाकर इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं, उनके बाद सैयद किरमानी 21.74 के औसत से 1,109 रन और किरण मोरे 29.06 के औसत से 901 रन बनाकर चौथे और पांचवे नंबर पर हैं।
2501* - ऋषभ पंत (औसत: 41.68)
2496 - एमएस धोनी (औसत: 32.84)
1209 - फारुख इंजीनियर (औसत: 32.67)
1109 - सैयद किरमानी (औसत: 21.74)
901 - किरण मोरे (औसत: 29.06)
टेस्ट के दूसरे दिन सारांश जैन के पवेलियन लौटने के बाद पंत दोबारा बल्लेबाजी करने उतरे। गौरतलब है कि टेस्ट के पहले दिन पंत बल्लेबाजी करते हुए चोटिल हो गए थे और उन्हें मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा था। भारतीय पारी के 58वें ओवर में लाहिरू कुमारा की एक उछाल लेती हुई गेंद सीधा पंत की कलाई पर आकर लगी थी, जिसके बाद वह काफी दर्द में दिखाई दिए थे। थोड़ी देर चले इलाज के बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था।
पंत पहले टेस्ट में बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे और उनकी फॉर्म को लेकर भी कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम ने टॉस जीतने के बाद शानदार शुरुआत की है। टेस्ट के पहले दिन देवदत्त पडिक्कल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए लगातार दूसरा शतक लगाया। उन्होंने 193 गेंदों का सामना करते हुए 117 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 12 चौके लगाए।
वहीं, कप्तान शुभमन गिल भी अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली। यशस्वी जायसवाल (45) और रवींद्र जडेजा (43) अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे। केएल राहुल सिर्फ 18 रन ही बना सके थे। दूसरे दिन की शुरुआत भारतीय टीम के लिए अच्छी नहीं रही और सारांश जैन महज 6 रन बनाकर असिथा फर्नांडो का शिकार बने। हालांकि, पंत और ध्रुव जुरेल सातवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी निभा चुके हैं और क्रीज पर डटे हुए हैं।
Updated on:
24 Aug 2026 01:10 pm
Published on:
24 Aug 2026 01:10 pm
