scriptWorld Cup 2019 : भारत इंग्लैंड से 31 रनों से हारा, सेमीफाइनल में जाने के लिए अभी करना होगा इंतजार | World Cup Cricket India vs England live match update | Patrika News

World Cup 2019 : भारत इंग्लैंड से 31 रनों से हारा, सेमीफाइनल में जाने के लिए अभी करना होगा इंतजार

locationनई दिल्लीPublished: Jul 01, 2019 07:21:44 am

Submitted by:

Mazkoor

England के लिए बेयरस्टो ने लगाया शतक, रॉय और स्टोक्स ने खेली अर्धशतकीय पारी
Team India की ओर से रोहित ने लगाया शतक, शमी ने लिए पांच विकेट

Rohit sharma

बर्मिंघम : आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 (icc cricket world cup 2019) में इंग्लैंड (England cricket team) ने भारत (Indian cricket team) के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जॉनी बेयरस्टो के शतक और जेसन रॉय तथा बेन स्टोक्स के अर्धशतक की मदद से सात विकेट के नुकसान पर 337 रन बनाए। इस तरह भारत को जीत के लिए 338 रन का लक्ष्य मिला। इसके जवाब भारत की टीम रोहित शर्मा के शतक और विराट कोहली के अर्धशतक के बावजूद पांच विकेट पर 306 रन ही बना पाई और इंग्लैंड से 31 रन से हार गई। अगर इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया जीत जाती तो वह ऑस्ट्रेलिया के बाद सेमीफाइनल में क्वालिफाई करने वाली दूसरी टीम बन जाती, लेकिन अब भारत को अगले मैच तक इंतजार करना होगा।

रोहित और विराट ने दिलाई जीत की उम्मीद

भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। लोकेश राहुल जल्दी आउट हो गए। इसके बाद रोहित शर्मा (102) और कप्तान विराट कोहली (66) ने जीत की उम्मीद जगाई। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 138 रन की साझेदारी कर भारत को संघर्ष में लौटा दिया। इसके बाद ऋषभ पंत (32) और हार्दिक पांड्या (45) ने तेज पारी खेलकर इस उम्मीद को बनाए रखा। पंत और हार्दिक पांड्या के आउट होने के बाद ऐसा लगा कि महेंद्र सिंह धोनी और केदार जाधव ने जीत की कोशिश ही नहीं की। इन दोनों ने इक्के-दुक्के से काम चलाया। जबकि हार्दिक पांड्या जब आउट हुए तो भारत को 31 गेंद पर जीत के लिए 71 रन बनाने थे, जो मुश्किल जरूर थे, लेकिन ऐसे भी नहीं थे कि कोशिश ही नहीं की जाए। इनकी धीमी पारियों की वजह से भारत लक्ष्य से 32 रन पीछे रह गया और 31 रन से हार गया।
इंग्लैंड की ओर से लियाम प्लंकेट ने तीन और क्रिस वोक्स ने दो विकेट लिए।

इंग्लैंड ने बनाया विशाल स्कोर

इंग्लैंड की टीम का शीर्षक्रम आज जबरदस्त लय में नजर आया। जेसन रॉय (66) और जॉनी बेयरस्टो (111) ने पहले विकेट के लिए मात्र 22 ओवर में 160 रनों की साझेदारी कर दी। इसके बाद जोए रूट (44) ने भी अच्छी पारी खेलकर इंग्लैंड को काफी मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इस बीच जब इंग्लैंड का स्कोर 205 रन था, तब बेयरस्टो आउट हो गए। फिर कप्तान मार्गन को भी शमी ने पैवेलियन भेजकर भारतीय टीम की वापसी कराई। लेकिन इसके बाद बेन स्टोक्स (79) ने तेज अर्धशतकीय पारी खेलकर इंग्लैंड को सात विकेट के नुकसान पर 337 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।
भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने पांच विकेट लिए तो कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह को एक-एक विकेट मिला।

लाइव अपडेट

भारत की पारी

– केदार जाधव और महेंद्र सिंह धोनी ने आखिरी के ओवरों में जीत की कोशिश भी नहीं की। जब ये दोनों बल्लेबाजी करने आए थे तो आस्किंग रेट 12.5 का था, लेकिन इन दोनों ने बड़ा शॉट मारने की कोशिश ही नहीं की और आखिरी के तकरीबन पांच ओवरों में इन दोनों ने सिंगल्स पर ही भरोसा किया। आखिरी ओवर में इन दोनों कुछ अच्छे हाथ दिखाए जरूर, लेकिन तब तक भारत की हार तय हो चुकी थी।

– लगातार बढ़ रहे आस्किंग रेट के दबाव में हार्दिक पांड्या ने प्लंकेट पर बड़ा शॉट मारना चाहा और मिस टाइम कर गए। इस तरह भारत को बड़ा झटका लगा। टीम बल्लेबाजी के लिए केदार जाधव मैदान में आए। इंडिया का स्कोर 45 ओवर में पांच विकेट पर 267 रन।

– पंत के आउट होने के बाद भारतीय संघर्ष का झंडा महेंद्र सिंह धोनी और हार्दिक पांड्या ने थाम रखा है। भारतीय पारी के ढाई सौ रन पूरे। 43 ओवर में भारत का स्कोर चार विकेट पर 255 रन। पांड्या- 42, धोनी- 8 रन पर।

– भारत को चौथा झटका लगा। ऋषभ पंत आउट। पंत ने 29 गेंद पर चार चौकों की मदद से 32 रन बनाया। मैदान पर बल्लेबाजी के लिए महेंद्र सिंह धोनी आए। भारत का स्कोर 40 ओवर में चार विकेट पर 234 रन। धोनी- 0, पांड्या- 29 रन पर।

– भारत का तीसरा विकेट गिरा। शतक बनाकर रोहित शर्मा आउट हो गए। रोहित ने 109 गेंदों पर 15 चौके की मदद से 102 रन बनाए। टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ी। बल्लेबाजी के लिए हार्दिक पांड्या मैदान पर।

– मुश्किल घड़ी में रोहित शर्मा ने टीम इंडिया को संभाल रखा है और उन्होंने शानदार शतक लगाया। भारत का स्कोर 36 ओवर में दो विकेट पर 198 रन। रोहित- 102, पंत- 26 रन पर।

– विराट कोहली के आउट होने के बाद रोहित शर्मा का बखूबी साथ निभा रहे हैं ऋषभ पंत। शुरुआत में वह थोड़ा घबराए से थे। पहले ही ओवर में दो बार रन आउट से बचे, लेकिन अब अपनी लय पाते हुए। भारत का स्कोर 34 ओवर में दो विकेट पर 183 रन। रोहित- 98, पंत- 15 रन पर।

– भारत को बड़ा झटका लगा। लियाम प्लंकेट ने विराट कोहली को आउट कर पैवेलियन भेज दिया। विराट ने 76 गेंद पर सात चौके की मदद से 66 रन बनाए। रोहित शर्मा 78 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं। नए बल्लेबाज ऋषभ पंत आए हैं। भारत का स्कोर 29 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 148 रन।

– विराट कोहली के बाद रोहित शर्मा ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनका 41वां अर्धशतक है। इसी के साथ इन दोनों के बीच सौ रन की साझेदारी पूरी हुई। भारत का स्कोर 24 ओवर में एक विकेट पर 112 रन। रोहित- 55, विराट- 57 रन पर।

– विराट कोहली के बाद अब रोहित शर्मा भी लय में आते दिख रहे हैं। भारतीय पारी के 22 ओवर में एक विकेट पर 100 पूरे हो गए हैं। रोहित- 47, विराट- 53 रन पर।

– विश्व कप में लगातार पांच अर्धशतक लगाने वाले पहले कप्तान हैं विराट कोहली।

– विराट कोहली ने विश्व कप में अपना लगातार पांचवां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने इसके लिए 59 गेंद खेली और छह चौके लगाए। भारत का स्कोर 20 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 83 रन।

– रोहित और विराट धीमी गति से ही सही, लेकिन भारतीय पारी को आगे बढ़ा रहे हैं। अच्छी बात यह है कि इन दोनों ने भारत को और कोई झटका नहीं लगने दिया है। धीरे-धीरे भारत ने अपनी पारी के 50 रन पूरे कर लिए। भारत का स्कोर 15 ओवर में एक विकेट पर 53 रन। रोहित- 22, विराट- 31 रन पर।

– राहुल के आउट होने के बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा भारतीय पारी को संभालने में लगे हैं। इन दोनों ने सावधानी से खेलते हुए भारत का स्कोर 10 ओवर में एक विकेट पर 28 रन बनाया। रोहित- 11, विराट- 17 रन पर।

– बड़े लक्ष्य का पीछा कर रही भारतीय टीम की बेहद खराब शुरुआत। पारी का पहला ओवर मेडन गया। दूसरे ओवर में रोहित शर्मा का आसान कैच स्लिप में छूटा और तीसरे ओवर में केएल राहुल आउट होकर पैवेलियन लौट गए। नए बल्लेबाज कप्तान विराट कोहली आए हैं। भारत का स्कोर 3 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 8 रन।

– भारतीय पारी शुरू। केएल राहुल और रोहित शर्मा क्रीज पर।

इंग्लैंड की पारी

– आखिरी ओवर में बेन स्टोक्स को बुमराह ने चलता किया। बेन स्टोक्स ने 54 गेंद पर छह चौके और तीन छक्के की मदद से 79 रन बनाए। इस तरह इंग्लैंड ने 50 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 337 रन बनाए।

– 48वें ओवर की आखिरी गेंद पर विकेट लेने के बाद 49वें ओवर की पहली गेंद पर मोहम्मद शमी ने वोक्स को चलता किया। क बार फिर वह हैट्रिक पर थे, लेकिन बेन स्टोक्स ने उन्हें ऐसा करने नहीं दिया। अगली गेंद को चार रन के लिए बाउंड्री के बाहर भेज दिया। इस ओवर में स्टोक्स की तीन बाउंड्री की मदद से 15 रन आए।

– 47वें ओवर में इंग्लैंड ने अपने तीन सौ रन पूरे कर लिए। बेन स्टोक्स और बटलर तेजी से रन बटोर रहे हैं। शमी के इस ओवर में इन दोनों बल्लेबाजों ने 17 रन बटोर लिए, लेकिन अंतिम गेंद पर शमी ने जोस बटलर को आउट कर दिया। बटलर ने आठ गेंद पर एक चौका और दो छक्के की मदद से 20 रन बनाए। इंग्लैंड का स्कोर 47 ओवर में पांच विकेट पर 310 रन।

– मोहम्मद शमी भारतीय पारी का 45वां ओवर लेकर आए और उन्होंने भारत को एक और कामयाबी दिला दी। जोए रूट को चलता किया। रूट ने 54 गेंद पर दो चौकों की मदद से 44 रन बनाए।बल्लेबाजी करने जोस बटलर क्रीज पर उतरे। इस बीच बेन स्टोक्स ने अपना अर्धशतक पूरा किया। इंग्लैंड का स्कोर 45 ओवर में चार विकेट पर 289 रन।

– रूट और स्टोक्स धीरे-धीरे एक बार फिर इंग्लैंड को बड़े स्कोर की राह पर डाल दिया है। इंग्लैंड का स्कोर 41 ओवर में तीन विकेट पर 153 रन। रूट- 35, स्टोक्स- 33 रन पर।

– दो विकेट जल्दी निकल जाने के बाद इंग्लैंड की पारी को एक बार फिर पटरी में लाने में जुटे जोए रूट और बेन स्टोक्स जुटे। इंग्लैंड का स्कोर 39 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 231 रन। रूट- 31, स्टोक्स- 15 रन।

– मोहम्मद शमी ने भारत को एक और सफलता दिलाई कप्तान इयान मार्गन को एक रन पर चलता किया। इंग्लैंड का स्कोर 34 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 207 रन। बल्लेबाजी के लिए बेन स्टोक्स आए।

– मोहम्मद शमी ने भारत को दिलाई दूसरी कामयाबी। जॉनी बेयरस्टो को पैवेलियन भेजा। बेयरस्टो ने 109 गेंद पर 10 चौके और छह छक्के की मदद से 111 रन बनाए। बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर कप्तान इयोन मॉर्गन आए। इंग्लैंड का स्कोर 32 ओवर में दो विकेट पर 205 रन।

– रॉय के जाने के बाद जोए रूट भी जम गए हैं। इस बीच इंग्लैंड ने अपनी पारी के 200 रन पूरे कर लिए। टीम का स्कोर 30 ओवर में एक विकेट पर 202 रन। बेयरस्टो- 111, जोए रूट- 20 रन पर।

– जॉनी बेयरस्टो ने एकदिवसीय क्रिकेट में अपना आठवां शतक लगाया। बेयरस्टो का विश्व कप में यह पहला शतक है। इंग्लैंड का स्कोर 27 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 191 रन। बेयरस्टो- 108, जोए रूट- 12 रन पर।

– कुलदीप यादव की गेंद पर जेसन रॉय ने बड़ा शॉट मारने की कोशिश की, लेकिन वह बाउंड्री पर पकड़े गए। रॉय ने 57 गेंदों पर सात चौके और दो छक्के की मदद से 66 रन बनाए। बल्लेबाजी के लिए जोए रूट आए। इंग्लैंड का स्कोर 23 ओवर में एक विकेट पर 163 रन।

– 21वें ओवर में इंग्लैंड ने अपने डेढ़ सौ रन पूरे किए। इंग्लैंड का स्कोर 21 ओवर में बिना किसी नुकसान के 155 रन। रॉय- 63, बेयरस्टो- 87 रन पर।

– 21वें ओवर में इंग्लैंड ने अपने डेढ़ सौ रन पूरे किए। इंग्लैंड का स्कोर 21 ओवर में बिना किसी नुकसान के 155 रन। रॉय- 63, बेयरस्टो- 87 रन पर।

– जॉनी बेयरस्टो के बाद जेसन रॉय ने भी लगाया अर्धशतक। इंग्लैंड का स्कोर 18 ओवर में बिना किसी नुकसान के 130 रन। रॉय- 57, बेयरस्टो- 68 रन पर।

– जॉनी बेयरस्टो और जेसन रॉय की शतकीय साझेदारी इस विश्व कप में भारत के खिलाफ किसी टीम की ओर से पहले विकेट के लिए की गई पहली शतकीय साझेदारी है। इससे पहले सबसे बड़ी साझेदारी ऑस्ट्रेलिया के एरॉन फिंच और डेविड वार्नर ने की थी। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी की थी।

– युजवेंद्र चहल की गेंद पर छक्के के साथ बेयरस्टो ने अपना अर्धशतक पूरा किया। इसी के साथ इंग्लैंड के सौ रन भी पूरे हुए। टीम का स्कोर 16 ओवर में बिना किसी नुकसान के 112 रन। रॉय- 46, बेयरस्टो- 61 रन पर।

– इंग्लैंड के ओपनर जॉनी बेयरस्टो और जेसन रॉय ने इंग्लैंड को विस्फोटक शुरुआत दिलाई है। इंग्लैंड बड़े स्कोर की तरफ बढ़ता नजर आ रहा है। इंग्लैंड का स्कोर 15 ओवर में बिना किसी नुकसान के 97 रन। रॉय- 44, बेयरस्टो- 48 रन पर।

– जॉनी बेयरस्टो और जेसन रॉय पूरी तरह सेट हो गए हैं और इन दोनों ने इंग्लैंड की पारी को पचास पार पहुंचाया। इंग्लैंड का स्कोर 11 ओवर में बिना किसी नुकसान के 60 रन। रॉय- 31, बेयरस्टो- 25 रन पर।

– बेयरस्टो और रॉय लय में दिख रहे हैं। ये दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। इंग्लैंड का स्कोर पांच ओवर में बिना नुकसान के 28 रन। रॉय- 9, बेयरस्टो- 17 रन पर।

– इंग्लैंड ने टॉस जीतकर लिया पहले बल्लेबाजी का फैसला।

 

विश्व कप क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले न्यूजीलैंड के पहले गेंदबाज बने ट्रेंट बोल्ट

भारत ने ऋषभ पंत को दिया मौका

भारत ने अपनी टीम में एक बदलाव किया है, जबकि इंग्लैंड की टीम दो बदलावों के साथ मैदान में उतरी है। मेजबान टीम ने जेम्स विंस के स्थान पर जेसन रॉय और मोइन अली के स्थान पर लियाम प्लंकेट को मौका दिया है। भारत ने विजय शंकर के स्थान पर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को मौका दिया है। पंत का यह विश्व कप में पहला मैच है।

दोनों टीमें :

भारत : रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, विराट कोहली (कप्तान), ऋषभ पंत, केदार जाधव, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह।

इंग्लैंड : जेसन रॉय, जॉनी बेयरस्टो, जोए रूट, इयोन मॉर्गन (कप्तान), बेन स्टोक्स, जोस बटलर (विकेटकीपर), लियाम प्लंकेट, क्रिस वोक्स, आदिल राशिद, जोफरा आर्चर और मार्क वुड।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो