24 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आधी रात की सरप्राइज चेकिंग बंद, तेज रफ्तार कार ने तीन दोपहिया को मारी टक्कर, एक युवती की मौत

शहर के प्रमुख मार्गों पर पुलिस की देर रात शराब पीकर वाहन चलाने वालों की सरप्राइज चेकिंग बंद हो गई है। इसके चलते देर रात को कार व अन्य वाहन अधिक रफ्तार में फर्राटे भर रहे हैं।

2 min read
Google source verification
car_accident_in_raipur.jpg

आधी रात की सरप्राइज चेकिंग बंद, तेज रफ्तार कार ने तीन दोपहिया को मारी टक्कर, एक युवती की मौत

रायपुर. शहर के प्रमुख मार्गों पर पुलिस की देर रात शराब पीकर वाहन चलाने वालों की सरप्राइज चेकिंग बंद हो गई है। इसके चलते देर रात को कार व अन्य वाहन अधिक रफ्तार में फर्राटे भर रहे हैं। इसी के चलते तेलीबांधा इलाके में शनिवार-रविवार की रात एक तेज रफ्तार कार ने तीन दोपहिया को चपेट में ले लिया। इसमें एक युवती की मौत हो गई। चार अन्य घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक वीआईपी रोड टर्निंग के पास स्थित एक होटल में फैशन शो था। इसमें डीडी नगर इलाके में रहने वाली राशिका पटले ने भी भाग लिया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद रात 2.30 बजे राशिका और उसकी बहनें रीतिका, रूपल व सहेली नीता सिदार के साथ अलग-अलग दोपहिया से घर लौट रहे थे। होटल से निकलने के बाद सर्विस लेन होते हुए मेन रोड में जा रहे थे।

इसी दौरान तेलीबांधा की ओर से आ रही तेज रफ्तार वर्ना कार सीजी 04 एचएक्स 1981 ने युवतियों के दोनों दोपहिया वाहन को टक्कर मारते हुए एक अन्य दोपहिया को चपेट में लिया। इसके बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इससे दोपहिया सवार युवतियों को सिर व शरीर के अन्य भागों में चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां गंभीर रूप से घायल नीता की मौत हो गई। घटना में तीसरे दोपहिया में सवार दो अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना में कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

खाना खाने जा रहा था आरोपी
घटना की सूचना पर पुलिस ने कार चालक सवनीत बग्गा के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी भनपुरी से खाना खाने के लिए छेरीखेड़ी जा रहा था। रात में खाली सड़क देखकर अधिक रफ्तार से कार चला रहा था। यही वजह है कि जब दोपहिया सवार युवतियों सर्विस लेन छोड़कर अपने साइड की मेन रोड की ओर जा रही थी, तो कार को नियंत्रित नहीं कर पाए और तीनों दोपहिया को टक्कर मार दिया।

रात्रि चेकिंग बंद
शनिवार-रविवार की रात यातायात और थाना स्टाफ देर रात को वीआईपी रोड सहित सभी प्रमुख मार्गों पर सरप्राइज चेकिंग करते थे। इसमें शराब पीकर, अधिक रफ्तार से वाहन चलाने वालों के अलावा संदिग्ध रूप से घूमने वालों पर कार्रवाई की जाती थी। पुलिस की इस कार्रवाई से अधिक रफ्तार या शराब के नशे में कार चलाने वाले रात में कम नजर आने लगे थे। लेकिन अब यह कार्रवाई बंद हो गई है।

पहले भी हो चुकी है घटना
इससे करीब माह भर पहले तेलीाबांधा शराब दुकान के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ और डिवाइडर से टकराई थी। इससे कार जल गई। उसमें सवार दो नाबालिगों की मौत हो गई थी। और कार चालक नाबालिग की कमर टूट गई थी।