
Chana not sold on support price, now prices also fell in the market
दमोह. दमोह जिले के किसानों ने समर्थन मूल्य पर इस बार चना नहीं बेचा है, जब चना की खरीदी के लिए पंजीयन कराए जा रहे थे तब कृषि उपज मंडी में चना के भाव समर्थन मूल्य से अधिक चल रहे थे और 6 हजार रुपए से ऊपर बिका था। अब मंडी में चना बड़ी तादाद में पहुंचने लगा तो भाव कम हो गए हैं। इसी तरह मूंग और उड़द के मामले में देखने में आ रहा है पंजीयन के पहले मूंग व उड़द के भाव समर्थन मूल्य से अधिक चल रहे थे अब भाव नीचे आ गए हैं। किसान संघ इसे सोची समझी रणनीति के तहत बाजार संचालित करने का आरोप लगा रहे हैं।
किसान संघों का दावा है कि सरकारी खरीद से किसानों को ऐन केन प्रकारेण बाहर रखने की कोशिशें लगातार की जाती रही है। सरकार और व्यापारियों की मिली भगत से समर्थन मूल्य की खरीदी का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। पिछली खरीदी मामलों में कई गड़बडिय़ां सामने आई थीं। सबसे ज्यादा घोटाले चना खरीदी में किए गए थे। जिससे 2021 की चना समर्थन खरीदी केेंद्रों पर दमोह जिले के किसानों ने चना का एक दाना भी जमा नहीं कराया। जब चना खरीदी के लिए पंजीयन किए जा रहे थे तब कृषि उपज मंडियों में समर्थन मूल्य से दुगने भाव मिल रहे थे। किसान ने कटाई के बाद चना की फसल स्टोर की तो 20 अप्रेल से लॉकडाउन लगा दिया गया। समर्थन मूल्य खरीदी केंद्रों पर अपनी फसल नहीं बेची। अब अनलॉक हो गया है। चना काफी तादाद में पहुंचने लगा है तो भाव कम हो गए हैं। मंगलवार को दमोह कृषि उपज मंडी में चना की आवक 1518 क्विंटल रही जिसके न्यूनतम भाव 4995 व अधिकत्तम भाव 4700 रुपए रहे हैं। जबकि इसका समर्थन मूल्य 5100 रुपए है।
मूंग व उड़द के भाव भी आए नीचे
मूंग का समर्थन मूल्य 7196 निर्धारित है, वहीं मंगलवार को मूंग के भाव 4600 से 5810 के बीच के रहे। वहीं उड़द का समर्थन मूल्य 6000 निर्धारित है। उड़द 4800 से 5760 रुपए प्रति क्विंटल कृषि उपज मंडी में बिकी। मूंग व उड़द के पंजीयन 26 जून तक कराए गए हैं, जिले में कुल 8 हजार ने ही पंजीयन कराए हैं। जबकि इस बार ग्रीष्मकालीन मूंग व उड़द की बंपर पैदावार हुई है। उड़द व मूंग समर्थन मूल्य पर न बेचने का एक कारण यह भी है कि 2018 की बेची गई उड़द की अंतर राशि अब तक किसानों को नहीं मिली है। जिससे किसान कृषि उपज मंडियों में ही अपनी उपज बेच रहे हैं। वहीं राहर के दाम भी समर्थन मूल्य 6000 से कम ही मिल रहे हैं हालांकि जिले में राहर की कम पैदावार होने से उसकी खरीदी नहीं की जाती है। कृषि उपज मंडी में मंगलवार को 81 क्विंटल राहर दाल पहुंची थी। जो 5270 से 5740 के बीच बिकी।
पीला सोना में आई चमक, सरसो दमका
कृषि उपज मंडी में पीला सोना यानि सोयाबीन में चमक आ गई है। मंगलवार को इसकी चमक निर्धारित समर्थन मूल्य 3880 रुपए प्रति क्विंटल से दुगनी रही। जो 5550 से 7170 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से बिका। जिसके अभी तक सबसे उच्चतम दाम सामने आए हैं। वहीं सरसों के भाव भी निर्धारित समर्थन मूल्य 4650 से अधिक दामों पर 5550 से 5960 रुपए प्रति क्विंटल बिका।
Published on:
29 Jun 2021 09:40 pm

बड़ी खबरें
View Allदमोह
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
