22 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एक साथ उठी चार अर्थियां, बिलख पड़ा पूरा गांव, कहा पहली बार टूटा इतना बड़ा पहाड़

पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को चारों का शव गांव ले जाया गया। गांव में शव पहुंचते ही चीख-पुकार शुरू हो गई। परिजन बुरी तरह से बिलखने लगे।

2 min read
Google source verification
एक साथ उठी चार अर्थियां

एक साथ उठी चार अर्थियां, बिलख पड़ा पूरा गांव, कहा पहली बार टूटा इतना बड़ा पहाड़

दंतेवाड़ा. कुपेर गांव में सोमवार को सन्नाटा पसरा था। पिछले 24 घंटे से कुपेर के पटेलपारा में चूल्हे नही जले हैं। इस गांव में चार अर्थियां एक साथ उठी। जैसे ही इनके अंतिम संस्कार के लिए कंधों पर लेकर परिजन निकले पूरा गांव बिलख पड़ा। पूरी बस्ती में ऐसा कोई नहीं था जो विलाप न कर रहा हो। लोगों के आंसू कम पड़ गए।

इतना बड़ा पहाड़ गांव पर कभी नहीं टूटा
आसमां ने भी संवेदना व्यक्त की। सुबह से ही रिमझिम- रिमझिम बारिश होती रही। लोगों का कहना है कि एक साथ दुखों का इतना बड़ा पहाड़ गांव पर कभी नहीं टूटा था। मालूम हो कि शोक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही चार महिलाओं की ट्रेन हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।

चारों महिलाएं कुपेर पंचायत के पटेलपारा की रहने वाली
चारों महिलाएं कुपेर पंचायत के पटेलपारा की रहने वाली जमली (60) पति सन्नू , सुक्को (45) पति नंदू , रामवती (45) पति बुधराम और सोनी पति लच्छु है। इनके साथ पांडे पति माड़को बारसा और मंगलदेई पिता मंगूराम भी थी। इन दोनों ने किसी तरह पाथ वे पर पहुंच कर जान बचा ली थी।

पोस्टमार्टम के बाद सुबह गांव पहुंचे चारों शव
पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को चारों का शव गांव ले जाया गया। गांव में शव पहुंचते ही चीख-पुकार शुरू हो गई। परिजन बुरी तरह से बिलखने लगे। ग्रामीणों ने दाह संस्कार जल्द करने का फैसला लिया। इसी दौरान तेज बारिश होने लगी। इधर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा था। करीब दो बजे बादल थोड़ा साफ हुआ। जैसे ही पानी रुका लोगों ने तत्काल अंतिम संस्कार किया।

संवेदना व्यक्त करने पहुंची विधायक
कुपेर के ग्रामीणों के दर्द में शामिल होने विधायक देवती कर्मा पहुंची। चार महिलाओं की मौत पर नम आंखों से परिजन को ढांढस बंधाया। वह करीब एक घंटे तक गमगीन परिवार के बीच रही। इस बड़े हादसे पर भाजपा ने कार्यालय में आत्मशांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। इस दौरान भाजना के जिला अध्यक्ष अभिमन्यु सोनी, पूर्व विधायक भीमा मंडावी और नगरपालिका उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह मौजूद थे। जिले के सभी नेता इस दु:ख की घड़ी में कुपेरवासियों के लिए संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।