दतिया। नए साल में जिले के लोगों को सौ नंबर पर बस एक फोन घुमाते ही पुलिस मौके पर सहायता प्रदान करेगी। जिले में डायल 100 सेवा की शुरुआत के लिए पुलिस को 12 टाटा सफारी वाहन प्राप्त हो चुके हैं। जिले में डायल 100 सेवा एक जनवरी 2016 से अपना काम शुरू कर देगी।
प्रदेश सरकार द्वारा लोगों को मौके पर पुलिस सहायता देने के लिए डायल 100 सेवा शुरू की गई है।
डायल100 सेवा के तहत जिले के सभी थानों पर आवश्यक संसाधनों से लैस पुलिस वाहन लोगों की मदद के लिए सौ नंबर पर कॉल करते ही पहुंचेंगे और लोगों की सहायता करेंगे। जिलेवासियों को इस सौगात का लाभ नए साल के पहले दिन से ही मिलना शुरू हो जाएगा। डायल100 सेवा के लिए पुलिस कर्मियों को प्रशिक्षण दिए जाने का काम भी शुरू हो गया है।
पांच से तीस मिनट में पहुंचेगी पुलिस
डायल 100 सेवा के तहत लोगों द्वारा फोन करने पर पुलिस वाहन शहरी क्षेत्र में पांच मिनट में तथा ग्रामीण क्षेत्र में तीस मिनट में मौके पर पहुंच जाएगा। डायल 100 सेवा से जुड़े वाहन संबंधित थाना कोतवाली व पुलिस मुख्यालय के संपर्क में रह कर लोगों की मदद के लिए मौके पर पहुंचेंगे।
यह होगा फायदा
डायल 100 सेवा के तहत पुलिस वाहन में सवार पुलिस कर्मचारी झगड़ा, बलवा एवं सांप्रदायिक दंगों को रोकनें अपनी महत्वपूर्णभूमिका निभाएंगे। पुलिस के तत्काल मौके पर पहुंच जाने की बजह से जिले में अपराधों में भी कमी आएगी।
पांच माह लेट हुई सेवा
प्रदेश सरकार द्वारा पहले डायल 100 सेवा को प्रदेश सहित जिले में 15 अगस्त 2015 से शुरू किया जाना था, लेकिन आवश्यक तैयारियांं न हो पाने की वजह से यह सेवा पांच माह बाद शुरू हो पा रही है।
12 प्वाइंट हुए चिन्हित
पुलिस विभाग ने डायल 100 सेवा के तहत जिले में 12 स्थान चिन्हित किए हैं। इन स्थानों से पुलिस वाहन संबंधित थाना क्षेत्र को कवर करते हुए शहरी क्षेत्र में पांच मिनट और ग्रामीण क्षेत्र में 30 मिनट में पहुंच जाएंगे।
डायल १०० सेवा के वाहनों के लिए पूरे जिले में १२ प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। इन प्वाइंटों से वाहन पूरे जिले को कवर करेंगे। निर्धारित स्थान से वाहन कॉल आने पर रवाना होंगे और वापस वहीं आकर खड़े होंगे
बीएस, राठौर नोडल अधिकारी,डायल 100
जिले में डायल 100 सेवा को शुरू किए जाने के लिए १२ टाटा सफारी वाहन प्राप्त हो चुके हैं। इसके लिए पुलिस कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिले में यह सेवा एक जनवरी को रात 12 बजे से शुरू हो जाएगी