चित्रगुप्त मंदिर पर शुरू हुआ अखंड गायत्री जप, पीतांबरा पीठ पर सुबह से होगा पूजन
गुरू चरणों में निभाएंगे शीश, आज मनेगी गुरू पूर्णिमा, भंडारे होंगे
दतिया। गुरू पूर्णिमा पर्व सोमवार को पूरे जिले में श्रद्धाभाव के साथ मनाया जाएगा। गुरू पूर्णिमा के उपलक्ष्य में शहर में रविवार से ही धार्मिक आयोजनों की शुरूआत हो गई। सोमवार को सुबह से ही लोग अपने - अपने गुरू स्थानों पर पहुंच कर अपने गुरू का पूजन कर आशीर्वाद लेंगे। इस दौरान शहर में कई जगह भंडारों का आयोजन होगा।
गुरू की कृपा और आशीर्वाद प्राप्त करने का पर्व गुरू पूर्णिमा महोत्सव प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रद्धाभाव से मनेगा। गुरू पूर्णिमा के उपलक्ष्य में गायत्री परिवार शाखा दतिया द्वारा रविवार से चित्रगुप्त मंदिर पर अखंड गायत्री जप की शुरूआत की गई। सोमवार को अखंड जप का मसापन होगा। इस अवसर पर सुबह सात बजे से आठ बजे गुरू दीक्षा कार्यक्रम तथा भंडारे का आयोजन होगा। अखंड गायत्री जप कार्यक्रम में महिलाएं भी हिस्सा ले रही हैं। इसी क्रम में अनामय आश्रम पर भी गुरू पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धाभाव के साथ मनाया जाएगा। अनामय आश्रम पर गुरू पूजन के साथ भंडारे का भी आयोजन होगा।
एकपट पर अखंड रामायण शुरू
गुरू पूर्णिमा के उपलक्ष्य में एकपट सरकार हनुमान मंदिर पर रविवार को अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ हुआ। सोमवार को अखंड रामायण पाठ का समापन होगा तत्पश्चात हवन व पूर्णाहुति होगी।
रामानुज धाम पर होगा हवन
प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी ग्वालियर - झांसी हाइवे स्थित रामानुज धाम पर शिष्यों द्वारा स्वामी देवनायकाचार्य का पूजन किया जाएगा। इस अवसर पर हवन एवं भंडारे का आयोजन होगा। गुरू पूजन के लिए रामानुज धाम पर रविवार से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।
पीतांबरा पीठ पर पहले पुजारी करेंगे पूजन
पीतांबरा पीठ पर गुरू पूजन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। सोमवार को सुबह 8.30 बजे से गुरू पूजन शुरू होगा। पहले पीतांबरा पीठ के पुजारी विधि विधान के साथ पूजन करेंगे। तत्पश्चात 9.30 बजे से साधक व शिष्यगण पूजन कर सकेंगे। गुरू पूजन के लिए साधक व शिष्यगणों को उत्तर द्वार से प्रवेश दिया जाएगा। गुरू पूजन दोपहर लगभग तीन बजे तक चलेगा। इस अवसर पर भंडारे का भी आयोजन होगा।