रामनेर - धौढ़ के पास हाइवे पर हुई दुर्घटना, दुल्हा - दुल्हन गंभीर
जीप पलटी, दूल्हा - दुल्हन सहित आधा दर्जन घायल
खूजा। बुधवार हो रामनेर - धौढ़ के बीच हाइवे पर एक जीप अनियंत्रित होकर पलट गई। जीप पलटने से उसमें सवार दूल्हा - दुल्हन व परिवार के लोग घायल हो गए। घटना दोपहर के समय हुई। दूल्हा - दुल्हन की हालत गंभीर बताई गई है जिन्हें उपचार के लिए ग्वालियर रैफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार भिंड जिले के ग्राम बेलमा थाना आलमपुर निवासी अशोक भार्गव के पुत्र अन्नू की मंगलवार 16 मई को दतिया बारात गई थी। दतिया में विवाह समारोह संपन्न होने के बाद अशोक अपनी पत्नी आस्था को विदा करा कर वापस अपने गांव बेलमा जा रहा था। नवदंपती जीप में सवार थे। उनके साथ छोटे बच्चे, महिलाएं व परिवार के अन्य लोग भी बैठे थे। जीप जैसे ही दोपहर करीब 12 बजे रामनेर - धौंढ़ के बीच पहुंची इसी दौरान चालक अपना संतुलन खो बैठा और जीप सड़क से उतर खेत में जा गिरी। राहगीरों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पंडोखर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को भांडेर अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना में जीप चालक दीपक को भी चोटें आई हैं। घायलों में दूल्हा - दुल्हन को ज्यादा चोटें होने की बजह से उन्हें ग्वालियर रैफर कर दिया गया। बताया जाता है कि चालक को नींद का झोका आ जाने की बजह से यह दुर्घटना हुई। लेकिन इसकी अधिकृत तौर पर पुष्टि नहीं हो सकी है।