दतिया

अंधेरे में डूबे रास्ते, कचरा भी नहीं उठ रहा, हैंडपंप से बुझ रही प्यास

शहर में लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में नगरपालिका नहीं ले रही रुचि  

2 min read
May 18, 2023
अंधेरे में डूबे रास्ते, कचरा भी नहीं उठ रहा, हैंडपंप से बुझ रही प्यास

अंधेरे में डूबे रास्ते, कचरा भी नहीं उठ रहा, हैंडपंप से बुझ रही प्यास

दतिया। शहरवासी इन दिनों मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। नगरपालिका लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में रुचि नहीं ले रही है। नगरपालिका द्वारा प्रकाश, सफाई एवं पेयजल व्यवस्था पर गंभीरता से ध्यान दिए जाने के कारण लोगों में आक्रोश है। लोगों के इस आक्रोश का सामना पार्षदों को करना पड़ रहा है।

नगरीय क्षेत्र में रहने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना नगरपालिका की जिम्मेदारी है। लेकिन शहर के किसी भी वार्ड में लग जाइए लोग नगरपालिका की कार्यशैली से संतुष्ट नहीं हैं। 36 वार्डों में बंटे दतिया नगरपालिका क्षेत्र में हर वार्ड में मूलभूत समस्याओं का अंबार है। कहीं नियमित सफाई नहीं हो रही तो इस भीषण गर्मी में लोग बूंद - बूंद पानी को मोहताज हो रहे हैं। शहर के सभी वार्डों में तपती दोपहरी के अलावा लोग अल सुबह और देर रात हैंडपंप पर पानी भरते दिख जाएंगे।

नियमित रूप से नहीं उठ रहा कचरा

शहर में नियमित रूप से कचरे का उठाव न होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर की पुरानी सब्जी मंडी(गांधी पार्क के पीछे), पबिया का बाग सहित और भी कई स्थानों पर नियमित रूप से कचरे का उठाव नहीं हो रहा है। कचरे का उठाव न होने से इन कचरे के ढेरों पर बेसहारा जानवरों का डेरा रहता है। यह बेसहारा जानवर कचरे के ढेर में खाने - पीने का सामान तलाश करते हैं। कई बार जानवरों में होने वाली आपसी झगड़े की बजह से राहगीर चोटिल हो जाते हैं।

बूंद - बूंद पानी को तरस रहे लोग

इस भीषण गर्मी में लोग जल संकट से जूझ रहे हैं। नगरपालिका द्वारा तीन से चार दिन में पानी की सप्लाई देने की बजह से लोग हैंडपंप से पानी भरने को मजबूर हैं। कई वार्डों में पार्षद टैंकर मंगा रहे हैं। इस भीषण गर्मी में नियमित रूप से नल न आने के कारण लोगों में नगरपालिका के प्रति गहरी नाराजगी है।

रात में रहता है अंधेरा

शहर ने भदौरिया की खिड़की क्षेत्र, रिंग रोड सहित अन्य क्षेत्रों में रात के अंधेरा रहता है। रात के समय अंधेरा रहने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है और दुर्घटनाओं का भय रहता है। अंधेरे में रात में असामाजिक तत्वों के सक्रिय रहने का डर है। हाल ही में बदमाशों द्वारा बीच बाजार एडवोकेट के घर के बाहर फायरिंग किए जाने और सराफा व्यापारी की लूट होने से लोगों में दहशत है।

शहर में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन कराया जा रहा है। अगर कहीं कचरा नहीं उठ रहा है तो वहां मेट पर कार्रवाई की जाएगी और उसे हटाया जाएगा। पाइप लाइन में जहां लीकेज थे उन्हें सही करा दिया गया है और अब बिजली भी सही मिल रही है। इससे पेयजल वितरण व्यवस्था में सुधार आएगा। प्रकाश व्यवस्था के संबंध में भी पता करवाता हूं कि कहां - कहां समस्या है

अनिल कुमार दुबे सीएमओ

Published on:
18 May 2023 12:02 pm
Also Read
View All

अगली खबर