दतिया

उमस से चढ़ा पारा, झमाझम बारिश ने ठंडे किए गर्मी के तेवर

शुक्रवार की शाम शहर में एक घंटे से अधिक हुई तेज बारिश, कई इलाके जलमग्न  

2 min read
Jun 24, 2023
उमस से चढ़ा पारा, झमाझम बारिश ने ठंडे किए गर्मी के तेवर

उमस से चढ़ा पारा, झमाझम बारिश ने ठंडे किए गर्मी के तेवर
दतिया। गुरूवार को दिन में बारिश न होने और शुक्रवार को सुबह से आसमान साफ होने से पारा चढ़ गया। पारा चढऩे से लोग गर्मी व उमस से बेहाल नजर आए। लेकिन दोपहर में एक घंटे से ज्यादा समय तक हुई तेज बारिश ने गर्मी के तेवर को ठंडा कर दिया। बारिश से जहां लोगों को राहत मिली वहीं शहर में कई स्थानों पर जलभराव की बजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

शहर में सोमवार 19 जून से लगातार प्री मानसून की गतिविधियां जारी हैं। शहर में रुक - रुक हो रही लगातार बारिश से गर्मी व उमस से परेशान लोगों को राहत मिली है। हालांकि गुरूवार और शुक्रवार को दिन में बारिश न होने से दिन के तापमान में 4.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है वहीं गुरूवार - शुक्रवार के रात के तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज हुई। शुक्रवार को सुबह से आसमान साफ रहने और हल्की - हल्की धूप निकलने से उमस और गर्मी का असर बढ़ गया। हालांकि दोपहर बाद एक घंटे से ज्यादा झमाझम बारिश हुई। झमाझम बारिश से गर्मी और उमस का असर खत्म हो गया।

जलभराव से परेशान हुए लोग

शहर में दोपहर में एक घंटे से अधिक की तेज झमाझम बारिश से कई इलाकों में जलभराव की बजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर में ठंडी सड़क स्थित अमन कॉलोनी, पुरानी कलेक्ट्रेट सहित अन्य स्थानों पर जलभराव से लोग परेशान रहे। इसके अलावा शहर की सड़कों पर बने गड्डों में जलभराव होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी हुई।

बिजली ने मारे झटके

तेज बारिश के दौरान लोगों को पावर कट का भी सामना करना पड़ा। एक घंटे से अधिक की झमाझम बारिश के दौरान बिजली झटके मारती रहींं। हालांकि लंबे समय तक बिजली बंद रहने की जानकारी सामने तक नहीं आई थी।

रात में बढ़ा तापमान

गुरूवार को दिन में बारिश न होने की बजह से गुरूवार - शुक्रवार के रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। गुरूवार की रात का तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था जो शुक्रवार को बढ़ कर 27.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

इंदरगढ़ में बूंदाबांदी, अहरौनी में हल्की बारिश

शुक्रवार को दतिया शहर के अलावा इंदरगढ़ में बूंदाबांदी हुई। वहीं अहरौनी, भलका, नौगुवां, उड़ीना, भिटारी, कर्रा, कमलापुरी, काशीपुर, गोंदन आदि क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हुई।

पिछले साल से ज्यादा बारिश

अधीक्षक भू-अभिलेख कार्यालय के अनुसार जिले में 01 जून से 23 जून 2023 तक कुल 34.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज हो चुकी है। जिसमें दतिया में 74 मिलीमीटर., सेंवढ़ा में 8 मिलीमीटर, भांडेर में 44 मिलीमीटर और इंदरगढ़ में 13 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। गत वर्ष अवधि में जिले में कुल 25.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई थी। जिसमें दतिया में 81 मिमी, सेंवढ़ा में 2 मिमी, भांडेर में 3 मिमी और इंदरगढ़ में 15 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई थी। शुक्रवार 23 जून 2023 को जिले में कुल 7 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। जिसमें दतिया में 2 मिमी, सेंवढ़ा में 2 मिमी, भांडेर में 22 मिमी और इंदरगढ़ में 2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष आज दिनांक को जिले में वर्षा की स्थिति निल रही थी।

Published on:
24 Jun 2023 12:00 pm
Also Read
View All

अगली खबर