8 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

दौसा जिले में कोरोना का कहर जारी, 191 नए संक्रमित मिले

दौसा ब्लॉक में सर्वाधिक 88 संक्रमित निकले: जिले में मौत का आंकड़ा भी बढ़कर कुल 29 तक पहुंचा
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

दौसा

•

image

Rajendra Kumar Jain

•

Updated: 18 Apr 2021, 10:57 PM IST

दौसा जिले में कोरोना का कहर जारी, 191 नए संक्रमित मिले

दौसा में वीकेंड कफ्र्यू के दूसरे दिन सूना गांधी तिराहा व आगरा रोड।

दौसा. जिले में कोरोना का कहर जारी है। रविवार को भी पॉजिटिव केसों का महाविस्फोट हुआ। एक दिन में 191 नए पॉजिटिव केस आने से भयावह स्थिति बनी हुई है। हालांकि इनमें से तीन जिले के बाहर के निवासी है। चिकित्सा विभाग के अनुसार अब जिले में कोरोना के केसों की संख्या बढ़कर 3 हजार 412 हो चुकी है। वहीं जिले में कोरोना से हुई मौतों का कुल आंकड़ा भी एक दिन में बढ़कर 27 से 29 हो गया है। हालांकि दोनों मौत दो दिन पहले हुई हैं, लेकिन जिले की सूची में अब जयपुर से अधिकृत सूचना मिलने के बाद शामिल की गई।
चिकित्सा विभाग ने जिले को पांच ब्लॉक में विभाजित कर रखा है। इसमें दौसा ब्लॉक में रविवार को 88 जने कोरोनो पॉजिटिव पाए गए हैं। इसी प्रकार सिकराय में 38, बांदीकुई में 33, महुवा में 17 व लालसोट में 15 जने कोरोना पॉजिटिव निकले। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या बढ़कर 3 हजार 412 हो गई है। इनमें से 2 हजार 560 केस रिकवर हो चुके हैं। जबकि एक्टिव केस 823 हो चुके हैं। जिले की रिकवरी रेट घटकर 75.03 प्रतिशत रह गई है।
पुलिस लाइन में मिले 15 पॉजिटिव
जिले में वैसे तो एक-एक स्थान पर कई जने कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, लेकिन पुलिस लाइन में सर्वाधिक 15 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जबकि एक पुलिसकर्मी सैंथल थाने में भी पॉजिटिव निकला। इसी प्रकार जिला अस्पताल में 4, गीजगढ़ सिकराय में 7 जने, पापड़दा में 4, मलारना में 5, बांदीकुई में जयसिंहपुरा में 4 जने कोरोना पॉजिटिव केस पाए गए।
एक माह में पांच मौत
जिले में बीते एक माह में कोरोना से पांच जनों की मौत हो चुकी है। खास बात यह है कि जिले में अब तक कोरोना से काल का ग्रास बने सभी 29 लोगों की मौत जयपुर के अस्पतालों में हुई है। चिकित्सा विभाग के अनुसार 22 मार्च को कल्लावास, 13 अप्रेल को वार्ड नंबर सात सिकंदरा, 14 को व्यास मोहल्ला दौसा तथा 16 अप्रेल को खटवा वालों की ढाणी किशनपुरा टोडाठेकला मंडावरी तथा दौसा की मंडी रोड स्थित अग्रसेन कॉलोनी निवासी कोरोना संक्रमित की मौत हुई है।

दौसा शहर की बिगड़ती स्थिति
करीब-करीब पूरे दौसा शहर में कोरोना संक्रमण पैर पसार चुका है। इसके बावजूद पुलिस, प्रशासन व चिकित्सा विभाग अलर्ट नजर नहीं आ रहा। गली-मोहल्लों तक किसी भी विभाग की जांच टीम नहीं पहुंच रही। ऐसे में लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही। जानकारी के अनुसार रविवार को शिव कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड, पुलिस लाइन, दौसा हॉस्पिटल, वासुदेव नगर, अग्रसेन नगर, फलसे वाले बालाजी के पीछे, एमआरएफ टायर एजेंसी आगरा रोड के पास, अशोक नगर, सिविल लाइन, गायत्री नगर, खण्डेलवाल कॉलोनी, सोमनाथ चौराहा, आगरा रोड, सोमनाथ नगर, शिक्षक कॉलोनी, लालकोठी, पन्नू पेट्रोल पंप के सामने, करणी नगर, संगम विहार कॉलोनी, गोविंद नगर, विनायक नगर, तिवाड़ी मोहल्ला, पीलू वाले बालाजी, देवनगर, सुभाष कॉलोनी, आदिनाथ नगर आदि जगह कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं।

ब्लॉकवार कुल कोरोना केस
दौसा 1282
बांदीकुई 631
सिकराय 434
लालसोट 586
महुवा 479