
लालसोट के गंगापुर रोड को पपलाज रोड को जोडऩे वाला प्रस्तावित बायपास की गूगल इमेज।
दौसा. लालसोट उपखण्ड मुख्यालय से हो कर क्षेत्र के प्रसिद्ध आस्था धाम पपलाज माता जाने वाले लाखों श्रद्धालुओंं की राह अब और भी सुगम होने जा रही है। शहर से पपलाज माता तक सड़क निर्माण कार्य आगामी कुछ ही दिनों बाद शुरू होगा। बीस किमी लंबी रोड के चौड़ाईकरण कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आगामी कुछ दिनों बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। बीस करोड़ की लागत से होने वाले इस सड़क निर्माण कार्य के पूरा होने के बाद देश के कई प्रांतों से माता के यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओंं को काफी सहूलियत रहेगी। इसके अलावा आतरी क्षेत्र इंदावा, डिगो, गोल, खटंूबर, कुटक्या, घाटा, धौण गांवों के हजारों ग्रामीणों का प्रतिदिन आवागमन सुगम रहेगा।
गौरतलब है कि लालसोट शहर से पपलाज माता तक जाना वाला सड़क मार्ग पिछले लंबे समय से काफी क्षतिग्रस्त पड़ा हुआ है। इससे दुर्घटनाओंं का भी अंदेशा बना रहता है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से इस बजट घोषणा में लालसोट से पपलाज माता तक इस सड़क निर्माण की घोषणा की थी।
गंगापुर रोड से जुड़ेगा पपलाज माता रोड
मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के तहत बनने वाले पपलाज माता रोड को शहर के गंगापुर रोड से भी जोड़ा जाएगा। अब तक लालसोट शहर से पपलाज माता की ओर जाने वाले एक मात्र सड़क मार्ग बस स्टैण्ड पर राजौली मोड़ से जाता है। घनी आबादी क्षेत्र में होने के चलते मार्ग काफी सकरा है, जिससे बड़े वाहनों को गुजरने में बड़ी परेशानी होती है और कई बार जाम के हालात बन जाते हैं। गंगापुर रोड से पपलाज रोड को जोडऩे से जाम की स्थिति से लोगों को छुटकारा मिलेगा। इस रोड की लंबाई ढाई किमी होगी।
16 मई को खुलेंगी निविदा
सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अरमान खान ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, 16 मई को वर्क ऑर्डर जारी होगा, जिसके बाद काम शुरू करा दिया जाएगा। संवेदक को एक साल का समय दिया गया है। यह रोड भूमि उपलब्धता के आधार पर दस मीटर चौड़ी होगी। डामरीकरण के साथ कई जगह सीसी भी बनेगी।
Published on:
06 May 2023 03:16 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
