दौसा. शहर के आगरा रोड स्थित संत सुंदरदास स्मारक के सामने शुक्रवार रात ट्रक की टक्कर से सदर थाने की कार चकनाचूर हो गई तथा एएसआई समेत 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए। दो घायलों को गंभीर हालत होने पर जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रैफर किया गया। हादसे की सूचना पर एसपी वंदिता राणा ने रात को ही जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों की कुशलक्षेम पूछी और हादसे की जानकारी ली।
कोतवाली थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार देर रात करीब डेढ़ बजे कलक्ट्रेट चौराहे पर नाकाबंदी कर रही पुलिस ने रेलवे पुलिया की ओर से सिकंदरा की तरफ जा रहे एक ट्रक को जांच करने के लिए रुकवाना चाहा तो चालक ने ट्रक को नहीं रोका तथा तेजी से आगे चलता गया। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने पीछा कर संत सुंदरदास स्मारक के सामने नेशनल हाइवे 21 पर ट्रक को रुकवाने का प्रयास किया तो चालक ने पीछे से टक्कर मार दी और ट्रक को भगा ले गया।
हादसा इतना भीषण था कि पुलिस की कार चकनाचूर हो गई। हाथ-पैर में फ्रैक्चर सहित अन्य गंभीर चोटें होने के चलते घायल सहायक पुलिस उप निरीक्षक (एएसआई) जगदीशप्रसाद व कांस्टेबल बलवीर सिंह को जयपुर रैफर कर दिया गया। वहीं कांस्टेबल सुशील व निरोतम जाट का जिला अस्पताल में उपचार किया गया। कांस्टेबल निरोतम ने कोतवाली थाने में ट्रक चालक के खिलाफ नाकाबंदी पर ट्रक को नहीं रोकने, पुलिस जाप्ते को जान से मारने की नियत से सरकारी कार को टक्कर मारने तथा कार व हथियारों को क्षतिग्रस्त करने का मामला दर्ज कराया है।
पुलिस महकमे में मचा हडक़म्प
गत दिनों अपने एक जाबांज जवान की हत्या के प्रकरण से उबरने का प्रयास कर रही पुलिस को जैसे ही शुक्रवार देर रात हादसे की सूचना मिली तो महकमे में हडक़म्प मच गया। कोतवाली, सदर और सैंथल थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। कुछ देर में एसपी वंदिता राणा सहित कई अधिकारी पहुुंच गए। घायल जवानों की कुशलक्षेम पूछकर हिम्मत बंधाई। शनिवार को भी दिनभर पुलिसकर्मी घायलों का हालचाल पूछते नजर आए।
राहगीर बने मददगारघायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल पहुंचाने में राहगीर युवा प्रदेश कांग्रेस के महासचिव करतारसिंह गुर्जर व प्रकाश मूंडियाखेड़ा ने मदद की। दोनों ने बताया कि वे युवा कांग्रेस की बैठक में शामिल होने के बाद जयपुर से लौट रहे थे। दुर्घटना का पता लगते ही तत्काल घायल पुलिसकर्मियों को बाहर निकालकर अपनी कार से जिला अस्पताल ले गए तथा पुलिस कंट्रोल रूम को हादसे की सूचना दी।
एक्सप्रेस-वे के टोल से मिले नंबर
हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर फरार हो गया। इस पर पुलिस ने तलाश शुरू की। एक्सप्रेस-वे के टोल पर लगे सीसीटीवी की मदद से ट्रक के नंबर से वाहन मालिक की तलाश की जा रही है।