बांदीकुई. सोडाला निवासी सैनिक देवनारायण गुर्जर की ड्यूटी से लौटते समय गुरुवार रात हादसे में मौत हो गई। इससे सोडाला सहित समूचे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। 5 राजपूत बटालियन दिल्ली में तैनात 25 वर्षीय जवान देवनारायण गुर्जर 40 दिन की छुट्टी लेकर अपने घर लौट रहा था। दिल्ली से ट्रेन से वह बांदीकुई स्टेशन पहुंचा। उसके बाद वह बाइक से अपने गांव सोडाला जा रहा था। रात को आभानेरी रोड़ पर महाणा के बास के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। इस पर पार्थिक देह को उपजिला अस्पताल बांदीकुई की मोर्चरी में रखवाया। सुबह परिजनों और सैन्य अधिकारियों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम किया गया।
सैनिक देवनारायण गुर्जर की पार्थिव देह को सेना के ट्रक में रखा गया। जहां से उसे पैतृक गांव सोडाला में चौपहिया व दुपहिया वाहन के जुलूस के रूप ले जाया गया। इस दौरान बटालियन के सैनिकों ने मृतक देवनारायण को सशस्त्र अंतिम सलामी दी। विधायक जी.आर. खटाणा ने पहुंचकर सैनिक को श्रद्धांजलि दी।
एक साल पहले ही हुई थी शादी…
सैनिक देवनारायण करीब सवा दो साल पहले सेना में भर्ती हुआ था। फिलहाल वह दिल्ली में तैनात था। उसकी करीब एक साल पहले ही शादी हुई थी। दो भाइयों में देवनारायण गुर्जर बडा़ भाई था। छोटा भाई काॅलेज में पढ़ाई कर रहा हैं। देवनारायण के सिर से पिता का साया करीब 10 साल पहले ही उठ चुका था ऐसे में परिवार की जिम्मेदारी उस पर ही थी।