
दीपोत्सव: जगमग हो उठी देवनगरी, छाया उल्लास
दौसा. उत्साह, उमंग व श्रद्धा के महापर्व को लेकर देवनगरी दौसा जगमगा उठी है। दीपोत्सव पर हर तरफ उल्लास छाया हुआ है। घर व प्रतिष्ठान रोशनी से नहाए हुए हैं। जिले में गुरुवार को दीपावली पर लक्ष्मी पूजन, शुक्रवार को गोवर्धन पूजा व शनिवार को भाई-दूज मनाई जाएगी।
दीपोत्सव को लेकर जिले के बाजारों में दिनभर लोगों का हुजूम रहा। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी जिला मुख्यालय पर खरीदारी करने के लिए आए। इससे बाजारों में कपड़े, मोबाइल फोन, परचून, सजावटी सामान सहित साज-सज्जा से लेकर खील-बतासे की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। शाम को महिलाओं ने घरों व प्रतिष्ठानों पर दीपक जलाए। रंग-बिरंगी रोशनी से भवन जगमगा उठे। वहीं रूप चतुर्दशी को लेकर महिलाओं ने ब्यूटी पार्लरों व घरों में शृंगार किया। लोग अपने मकानों की सजावट में लगे रहे। वाहनों में भी जोरदार भीड़ देखी गई। लोग दीपावली मनाने के लिए अपने घर जा रहे थे।
दुकानों पर रौनक, सड़कों पर भीड़
दीपावली के एक दिन पहले बुधवार को जिला मुख्यालय पर सभी बाजारों में लोगों ने जमकर सामान की खरीदारी की। सुबह सात बजे से ही बाजारों में दुकानें खुल गई। शहर के लालसोट रोड, मण्डी रोड, पूनम टॉकिज के बगल वाले बाजार, खादी भण्डार रोड, आगरा व जयपुर रोड पर दोपहर को दुकानों पर सामान खरीदने वाले लोगों की इतनी भीड़ थी कि ग्राहकों को खड़े रहने के लिए जगह नहीं मिल रही थी। इधर, सड़कों पर वाहनों का जमावड़ा होने के कारण सड़कों पर बार-बार जाम लग रहा था। शहर के मण्डी रोड व पूनम टॉकिज के बगल वाली गली में तो लोगों के वाहनों की अधिकता से बार-बार जाम लग रहा था। इधर, दीपावली के त्योहार पर शांति कायम रखने के लिए बाजारों में जगह-जगह पुलिस की टीम घूमती रही। वहीं विद्युत निगम की टीमें भी बिजली सप्लाई को सुचारू रखने के लिए पल-पल पर नजर रख रही थी। अभियंता एवं फीडर मैनेजरों को अपने अपने मुख्यालयों पर तैनात कर रखा था।
सजी मिठाइयों की दुकान
दीपावली व गोवर्धन के त्योहार पर घरों में पकवान बनाए जाएंगे। दीपावली के दिन हलवा, पुरी व अन्य कई प्रकार के व्यंजन बनाते हैं। साथ ही दुकानों से मिठाइयां लाने की परम्परा भी है। यही कारण है कि शहर व गांवों में मिठाइयों की दुकानों को सजाया गया है। जिला मुख्यालय पर डोवठा, बर्फी, सोनपपड़ी, गुलाब जामुन व बंगाली मिठाइयों समेत कई प्रकार की मिठाइयां खरीदने वालों की भीड़ देखी जा रही है। गोवर्धन पर चूरमा-बाटी बनाया जाता है।
चहुंओर सजावट
दीपावली को लेकर जिले में हर तरफ रोशनी से लोगों ने घर व प्रतिष्ठानों पर सजावट की है। लोगों ने अपने मकानों पर रंग बिरंगी रोशनियों की बेल लगाई है। बाजारों में व्यापारियों ने कई जगह सामूहिक रूप से सजावट की है। सजावट के लिए बाजारों में स्वदेशी के साथ चाइनीज उत्पाद भी बिक रहे हैं।
Published on:
03 Nov 2021 07:20 pm
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
