दौसा. टोंक जिले के देवधाम जोधपुरिया जाने वाली पदयात्राओं की दौसा शहर में शनिवार को धूम रहने से देवनगरी भक्तिमय हो गई। जिले के विभिन्न स्थानों से आई पदयात्राओं के ध्वजों का पूजन देवनारायण मंदिर एवं छात्रावास में संत राजेश्वरानन्द सरस्वती के सान्निध्य में राज्यमंत्री मुरारीलाल मीना, बांदीकुई विधायक जीआर खटाणा आदि ने देवनारायण मंदिर में किया। कई पदयात्राओं के एक साथ रवाना होने एवं हाथों में ध्वज व भक्ति संगीत की धुनों से शहर का समूचा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इससे पहले विभिन्न स्थानों से आई पदयात्राओं का देवनारायण मंदिर में संगम हुआ। जहां पदयात्रियों का स्वागत-सत्कार किया गया। यात्रा में महिलाएं रंग-बिरगे परिधानों में भजन गाते एवं पुरुष श्रद्धालु देव महाराज के जयघोष लगाते हुए चल रहे थे। पदयात्रियों का शहर में कई जगहों पर स्वागत किया गया।
इस मौके पर देवनारायण मंदिर एवं छात्रावास विकास सेवा समिति के अध्यक्ष सरदारसिंह विधुड़ी एडवोकेट, महासचिव हनुमानसिंह हर्षाणा एडवोकेट, अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के जिलाध्यक्ष माधोसिंह भोजपुरा, जिला महामंत्री बच्चूसिंह तूंगड़, रामेश्वर, रामसिंह, कन्हैयालाल छावड़ी, कंचन माल, नीलम गुर्जर, बिरदीचंद शर्मा, नरसी डोई, घनश्याम वकील सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।