29 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Dausa Accident: पति-पत्नी की एक साथ उठेगी अर्थी, कैला देवी दर्शन करने जा रहे परिवार की कार ने रौंदा

Husband-Wife Together: राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेट्रोल पंप के पास शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग दंपती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

2 min read
Google source verification

दौसा

image

Akshita Deora

Mar 29, 2026

Dausa Accident

हादसे की कार-बाइक और पति-पत्नी की फाइल फोटो: पत्रिका

Rajasthan Road Accident: दौसा जिले में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग दंपती की दर्दनाक मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी थी टक्कर

पुलिस के अनुसार खेड़ला खुर्द निवासी गुमान सिंह (66) अपनी पत्नी सरोज कंवर (63) के साथ बाइक से मंडावरी आ रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी सांसें थम गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही एएसआई विश्राम सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके की स्थिति संभालते हुए दोनों के शवों को उप जिला चिकित्सालय मंडावरी भिजवाया। दुर्घटना की खबर फैलते ही इलाके में शोक का माहौल बन गया।

अस्पताल में उमड़ी लोगों की भीड़

हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक दंपती के परिजन और गांव के लोग अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध नजर आया। कई लोगों की आंखें नम थीं और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।

पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। गांव में जैसे ही दोनों के शव पहुंचे तो माहौल और भी गमगीन हो गया।

कार सवार परिवार जा रहा था दर्शन करने

पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल कार में सवार परिवार दिल्ली से कैला देवी के दर्शन करने के लिए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं गांव में बुजुर्ग दंपती की एक साथ मौत से शोक की लहर है और लोग इस घटना को लेकर गहरा दुख जता रहे हैं।